Haryana New TDR Policy : हरियाणा के किसानों को अब जमीन अधिग्रहण पर पहले से ज्यादा मुआवजा मिलेगा। इसके लिए हरियाणा सरकार की तरफ से नियमों में बदलाव किया गया है। इसके लिए हरियाणा सरकार ने हस्तांतरणीय विकास अधिकार (टीडीआर) के नियमों में बदलाव किया गया है।
अगर किसी परियोजना के लिए सरकार जमीन अधिग्रहण करती है तो पहले पुराने कलेक्टर रेट पर आवेदन लिया जाता था, लेकिन अब सरकार ने इसमें बदलाव करते हुए निर्णय लिया है कि आवेदन के समय का कलेक्टर रेट पर ही किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग की तरफ से पुरानी नीति में बदलाव किया गया है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने 16 नवंबर 2021 की नीति में संशोधन करते हुए जमीन की गणना के लिए कलेक्टर रेट के नया फार्मूला निर्धारित किया है। इसके तहत प्रत्येक टीडीआर सर्टिफिकेट पर 2.0 फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) को निर्धारित किया जाएगा। किसी विशिष्ट डेवलपमेंट प्लान में जारी टीडीआर सर्टिफिकेट का उपयोग उसी डेवलपमेंट प्लान अथवा राज्य के उससे कम संभावित डेवलपमेंट प्लान में भी किया जा सकेगा। टीडीआर सर्टिफिकेट जारी करने के लिए जमीन की गणना अब आवेदन जमा कराने की तारीख पर लागू भारित औसत कलेक्टर रेट के आधार पर होगी।
सरकार ने टीडीआर के हस्तांतरण और उपयोग के नियमों में भी बदलाव किया है। रिसीविंग साइट पर नोटशनल लैंड की गणना के लिए आवेदन जमा कराने की तारीख पर लागू भारित औसत कलेक्टर रेट को आधार बनाया जाएगा। यह वही आधार होगा, जिसके अनुसार टीडीआर सर्टिफिकेट जारी किया गया था।
एक अन्य महत्वपूर्ण बदलाव के तहत टीडीआर सर्टिफिकेट जारी करने के उद्देश्य से आवेदन जमा कराने की तारीख पर संबंधित जिले के उपायुक्त की ओर से अधिसूचित कलेक्टर रेट ही मान्य होगा। बाद में सर्टिफिकेट का उपयोग किस तारीख को किया जाता है, इससे इस दर पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
लंबित मामलों को लेकर भी सरकार ने स्पष्ट किया है कि टीडीआर उपयोग प्रमाणपत्र के लिए लंबित उन आवेदनों पर संशोधित फार्मूला लागू होगा, जिनमें टीडीआर सर्टिफिकेट के उपयोग की कोई अनुमति, यहां तक कि सैद्धांतिक मंजूरी भी जारी नहीं हुई है।
संशोधित नीति में टीडीआर सर्टिफिकेट की वैधता का दायरा बढ़ाने के साथ एफएआर भी निर्धारित किया गया है। अब किसी विशिष्ट डेवलपमेंट प्लान में जारी प्रत्येक टीडीआर सर्टिफिकेट का इस्तेमाल उसी डेवलपमेंट प्लान या राज्य के किसी कम संभावित डेवलपमेंट प्लान में किया जा सकेगा। इसके अलावा प्रत्येक टीडीआर सर्टिफिकेट के साथ 2.0 एफएआर रहेगा।
किसानों को यह होगा फायदा
टीडीआर पालिसी के तहत उन भू-स्वामियों को टीडीआर प्रमाणपत्र दिए जाने का प्रविधान है, जो महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक अपनी भूमि सरकार को देते हैं। भू-स्वामी ऐसे प्रमाणपत्रों को उसी विकास योजना के भीतर डेवलपर्स या अन्य उपयोगकर्ताओं को बेचकर अपने विकास अधिकारों का मुद्रीकरण (मोनीटाइज) करके धनराशि प्राप्त कर सकते हैं।
संशोधित नीति के तहत उस काल्पनिक भूमि (नोशनल लैंड) की गणना के फार्मूला को संशोधित किया जाएगा, जिसके लिए टीडीआर प्रमाण पत्र जारी किया गया है। यह गणना आवेदन के कैलेंडर वर्ष की एक जनवरी को लागू दर से जुड़े मौजूदा प्रविधान के बजाय, आवेदन जमा करने की तिथि को दी गई भूमि पर लागू भारित औसत कलेक्टर रेट पर आधारित होगी।