Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

बरवाला मंडी में बनेंगे नए शेड, अपग्रेड होगा बूस्टिंग स्टेशन, 1.81 करोड़ रुपये स्वीकृत

बरवाला मंडी में बनेंगे नए शेड, अपग्रेड होगा बूस्टिंग स्टेशन, 1.81 करोड़ रुपये स्वीकृत

Haryana News : हरियाणा सरकार ने बरवाला क्षेत्र में सुविधाएं बढ़ाने के लिए नई ग्रांट को मंजूरी दी है। इस ग्रांट के माध्यम से अनाज मंडी में नए शेड व बूस्टिंग स्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा। मंडी में नए शेड बनाने के साथ प्लेटफॉर्म को ऊंचा उठाने, मंडियों के शेड के नवीनीकरण, मार्केट कमेटी परिसर में सडक़ और चारदीवारी बनाने का काम किया जाएगा।

इसके लिए 1 करोड़ 81 लाख 15 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि स्वीकृत कार्यों के तहत 76.14 लाख रुपये सब्जी मंडी बरवाला के लिए मंजूर की गई है। इस राशि से नए शेड का निर्माण, मौजूदा प्लेटफॉर्म को ऊंचा उठाने तथा चारदीवारी की मरम्मत का कार्य करवाया जाएगा।

इसके अलावा बरवाला की पुरानी अनाज मंडी और नई अनाज मंडी के शेडों की पुरानी शीट्स को बदलकर नई गैलवैल्यूम शीट्स लगाई जाएंगी ताकि यहां रखी गई फसलों को खराब होने से बचाया जा सके। साथ ही पुरानी अनाज मंडी, नई अनाज मंडी और टीएमसी के कवर्ड शेडों को भी दुरूस्त किया जाएगा। इस कार्य के लिए 45.16 लाख रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई है।

इसी कड़ी में नगरपालिका बरवाला के अंतर्गत आने वाले बूस्टिंग स्टेशन के अपग्रेडेशन के लिए भी 44.48 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस कार्य से क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। वहीं मार्केट कमेटी बरवाला के कार्यालय परिसर में भी विकास कार्य करवाए जाएंगे।

इसके लिए 15.37 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इस राशि से दोनों गेटों के बीच अंदर की तरफ पेवमेंट का निर्माण, पुरानी चारदीवारी को तोडक़र नई चारदीवारी बनाना, नई अनाज मंडी में दुकान नंबर 95 से 98 तक आईपीएफ को ऊंचा उठाना तथा मार्केट कमेटी कार्यालय परिसर में इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से बरवाला की मंडियों में किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मंडी परिसर की आधारभूत सुविधाओं में सुधार के साथ पेयजल व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।