Ayodhya Janakpur Train Ticket Booking : अयोध्या धाम से नेपाल के जनकपुर धाम तक चलने वाली नई ट्रेन का रेलवे विभाग द्वारा किराया निर्धारित कर दिया है। किराया जारी करने के साथ ही इसमें टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है। रेलवे विभाग के अनुसार अयोध्या धाम से नेपाल के जनकपुर धाम तक की रेल यात्रा अब महज 365 रुपये में की जा सकेगी।
रेलवे ने अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली साप्ताहिक सरयू-कमला एक्सप्रेस (15595/15596) की टिकट बुकिंग गुरुवार से शुरू कर दी है। स्लीपर श्रेणी में 19 घंटे का सफर तय होगा। दोनों दिशाओं में किराया समान रखा गया है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट और ऐप के साथ रेलवे आरक्षण काउंटर से भी टिकट बुक किए जा सकते हैं।
रेलवे के अनुसार, जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट आने वाली ट्रेन संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार को चलेगी। पहली ट्रेन 28 नवंबर को रवाना होगी। यह नेपाली समयानुसार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से चलकर अगले दिन सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। इस दिशा में स्लीपर की 391, थर्ड एसी इकोनॉमी की 167 और थर्ड एसी की 151 सीटें उपलब्ध हैं।
वापसी में ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए रवाना होगी। पहली ट्रेन 30 नवंबर को चलेगी। अयोध्या कैंट से शाम 5:50 बजे प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। इस यात्रा में 18 घंटे 50 मिनट लगेंगे। पहली यात्रा के लिए स्लीपर में 560, थर्ड एसी इकोनॉमी में 240, थर्ड एसी में 216 और सेकंड एसी में 104 सीटें उपलब्ध हैं।
श्रेणीवार किराया
स्लीपर : 365 रुपये
थर्ड एसी इकोनॉमी : 885 रुपये
थर्ड एसी : 965 रुपये
सेकंड एसी : 1360 रुपये
इन स्टेशनों पर होगा एक्सप्रेस का ठहराव
सरयू-कमला एक्सप्रेस जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर, अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन के संचालन से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को रेल संपर्क के जरिए नई सुविधा मिलेगी। श्रद्धालुओं और यात्रियों को दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन में सहूलियत होगी।


