Cattle Shelter Scheme : गोशालाओं में संरक्षित गोवंश को पौष्टिक हरा चारा उपलब्ध कराने के लिए पशुपालन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत हरा चारा लेने के लिए किसानों के साथ सरकार अनुबंध करेगी। ऐसे में किसानों को दूसरी फसलों के साथ हरा चारा के लिए नया बाजार मिलने वाला है। यूपी सरकार द्वारा किसानों के साथ अनुबंध करने की योजना बना रहा है।
अनुबंध के माध्यम से किसानों को हरे चारे का उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जिससे गोशालाओं में रहने वाले गोवंश के लिए नियमित रूप से हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। ऐसे में किसान हरा चारा की खेती करके वह गोशालाओं में उपलब्ध करवाएंगे। ऐसे में उनके रोजगार के नए अवसर पैदा होने वाले है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. जितेन्द्र गुप्ता ने बताया कि जनपद में वर्तमान में कुल 23 गोशालाएं संचालित हैं। इनमें 10 गोशालाएं नगर निकाय क्षेत्रों में और 13 गोशालाएं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। इन गोशालाओं में करीब 6 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षित किया जा रहा है। गोवंश के भरण-पोषण में हरे चारे की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
ऐसे में गोशालाओं में पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उपलब्ध कराना विभाग के सामने एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए पशुपालन विभाग किसानों के साथ अनुबंध करने की तैयारी कर रहा है। योजना के तहत किसानों को हरा चारा उगाने के लिए जोड़ा जाएगा, ताकि गोशालाओं की जरूरत के अनुसार चारे की आपूर्ति की जा सके।
इससे एक ओर गोशालाओं को चारे की उपलब्धता बनी रहेगी। वहीं दूसरी ओर किसानों को भी अपनी उपज के लिए एक निश्चित खरीदार मिल सकेगा। विभाग का प्रयास है कि गोशालाओं को हरे चारे के लिए पूरी तरह बाजार पर निर्भर न रहना पड़े। स्थानीय स्तर पर चारे का उत्पादन और आपूर्ति होने से परिवहन पर होने वाला खर्च भी कम हो सकता है। फिलहाल विभाग की ओर से इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए तैयारी की जा रही है। योजना लागू होने के बाद जनपद की सभी 23 गोशालाओं में गोवंश के भरण-पोषण की व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।


