Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

लखनऊ में घर लेने का सुनहरा मौका, आवास परिषद योजना में सभी आय वर्ग कर सकेंगे आवेदन

लखनऊ में घर लेने का सुनहरा मौका, आवास परिषद योजना में सभी आय वर्ग कर सकेंगे आवेदन

Awadh Vihar Yojana : यूपी की राजधानी लखनऊ में घर का सपना देखने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ के शहीद पथ किनारे घर खरीदने का मौका मिलेगा। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की अवध विहार आवासीय योजना में अब 42.50 लाख रुपये से अपना मकान खरीदा जा सकता है। परिषद ने योजना के सेक्टर चार में 94 एक मंजिला सेमी फिनिश्ड भवनों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया है। आवेदन की अंतिम तारीख 25 दिसंबर है। सभी आय वर्ग के लोग आवेदन कर सकेंगे। आरक्षण का लाभ नियमानुसार मिलेगा।

अपनी पसंद से फिनिशिंग करा सकेंगे

परिषद इन भवनों को सेमी फिनिश्ड स्थिति में बेच रही है। परिषद के अधिशासी अभियंता अभिषेक नाथ तिवारी ने बताया कि अक्सर तैयार भवनों में इस्तेमाल निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते हैं। इसी वजह से परिषद ने सेमी फिनिश्ड भवन बेचने का निर्णय लिया है, ताकि खरीदार अपनी पसंद और गुणवत्ता के अनुसार बाकी काम करा सकें।

उतरेटिया स्टेशन से एक किमी दूर

अवध विहार योजना की लोकेशन भी इसकी खासियत है। ये भवन उतरेटिया स्टेशन से करीब एक किलोमीटर, मेदांता अस्पताल से डेढ़ किलोमीटर, पीजीआई से पांच किलोमीटर और इकाना स्टेडियम से सात किलोमीटर की दूरी पर है।

भवनों का विवरण

श्रेणी क्षेत्रफल (वर्ग मीटर) भवन अनुमानित कीमत पंजीकरण

अल्प आय वर्ग 60 34 42.50 लाख 2.13 लाख

अल्प आय वर्ग 62.75 32 44.25 लाख 2.21 लाख

मध्यम आय वर्ग 121.89 28 80 लाख 4 लाख

लाटरी से होगा आवंटन, एकमुश्त भुगतान पर छूट मिलेगी

पंजीकरण कराने वालों की संख्या उपलब्ध भवनों से अधिक होने पर लॉटरी से आवंटन किया जाएगा। आवंटन पत्र जारी होने के 45 दिन में पूरा भुगतान करने पर छह प्रतिशत, 60 दिन में भुगतान पर पांच प्रतिशत और 90 दिन में भुगतान पर चार प्रतिशत की छूट दी जाएगी। आवेदक किस्तों में भी भुगतान कर सकेंगे।