Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

9 दिन में 9 रुपए तक लुढ़के प्याज के भाव, दूसरे राज्यों में अलवर के प्याज की मांग घटी

मंडी में प्याज के थोक भाव 9 रुपए प्रति किलो तक नीचे आ गए हैं। अलवर मंडी में गुरुवार को थोक भाव 20 से 31 रुपए प्रति किलो तक रहे। बता दें कि मंडी में करीब 60 से 65 हजार प्याज के कट्टे बिकने के लिए आए। अलवर का प्याज अब 12 राज्यों से घटकर 7 राज्यों में जा रहा है।

onion rate
onion rate

Onion Rate: मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र का प्याज मंडियों में आने से अलवर के प्याज की मांग घटनी शुरू हो गई है। अलवर मंडी में प्याज के थोक भाव 9 रुपए प्रति किलो तक नीचे आ गए हैं। अलवर मंडी में गुरुवार को थोक भाव 20 से 31 रुपए प्रति किलो तक रहे। बता दें कि मंडी में करीब 60 से 65 हजार प्याज के कट्टे बिकने के लिए आए। अलवर का प्याज अब 12 राज्यों से घटकर 7 राज्यों में जा रहा है। प्याज के थोक व्यापारी धारा सैनी ने बताया कि गुरुवार को प्याज मंडी में 60 से 65 हजार प्याज के कट्टे बिकने के लिए आए। प्याज के थोक भाव 20 से 31 रुपए रहे।

नई फसल आने से अलवर के प्याज की घटी मांग

गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में प्याज की नई फसल आने से अलवर के प्याज की मांग घट गई है। पहले प्रतिदिन 75 हजार प्याज के कट्टे राजस्थान से बाहर जा रहे थे। अब घटकर 60-65 हजार कट्टे रह गए हैं। अलवर जिले में प्रतिदिन करीब 1 हजार प्याज के कट्टों की खपत है।फल सब्जी आढ़ती यूनियन के महासचिव और प्याज के थोक व्यापारी सौरभ कालरा ने बताया कि 18 नवंबर को प्याज के थोक भाव 40 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए थे। गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में प्याज की नई फसल आने से गुरुवार को प्याज के थोक भाव गिरकर 31 रुपए प्रति किलो तक रह गए। अब व्यापारी प्याज दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू, उत्तराखंड, बिहार और हिमाचल भेज रहे हैं। इस सीजन में पहले उत्तर प्रदेश, कश्मीर, बंगाल, असम, मध्यप्रदेश और नेपाल भी प्याज जा रहा था।

प्याज सुखाकर लाए तो भाव गिर गए

कुशालगढ़ निवासी किसान रतिराम का कहना है कि वे 20 साल से प्याज की खेती कर रहे हैं। इस साल प्याज के अच्छे भाव मिलने की उम्मीद थी। अक्टूबर महीने के आखिरी में हुई बारिश से प्याज गीली हो गई। इससे प्याज 15 से 20 रुपए प्रति किलो बिकी। प्याज के थोक व्यापारियों के कहने पर प्याज सुखाकर लाए तो गुरुवार को 30 रुपए प्रति किलो प्याज बिकी। पहले गीली प्याज 20 से 25 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिकी थी। वहीं 7-8 दिन पहले भाव 40 रुपए तक पहुंच गए थे।

प्याज के भाव गिरने से किसानों हो रहा है नुकसान

अलवर जिले के किसान बलबीर का कहना है कि वे 15-20 साल से प्याज की खेती कर रहे हैं। सस्ती प्याज बिकने से किसानों को नुकसान है। छोटी, हल्की, गीली प्याज 15 से 25 रुपए प्रति किलो के भाव से बिकी है। एक बीघा में प्याज लगाने पर 50 से 60 हजार रुपए का खर्च आता है। एक बीघा में 70 से 100 मण तक प्याज होता है। खर्चे के बाद 10 से 20 हजार रुपए ही बच रहे हैं। प्याज के भाव गिरने से किसानों को नुकसान हो रहा है।