Jind News: जींद जिले में पावरग्रिड की हाईटेंशन टावर लाइन बिछाने को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच सहमति बनती दिखाई नहीं दे रही है। पावरग्रिड की हाईटेंशन टावर लाइन बिछाने को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच चल रहे मामले में गुरुवार को भी कोई सहमति नहीं बन पाई। गुरुवार को बढ़े हुए मुआवजे की मांग पर अड़े किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने डीसी डॉ. वैशाली शर्मा और अतिरिक्त उपायुक्त के साथ बैठक बेनतीजा रही।
डीसी ने स्पष्ट किया कि मुआवजा बढ़वाने के लिए किसानों को पहले कमिश्नर के समक्ष अपील दायर करनी होगी। उन्होंने कहा कि बिना प्रक्रिया के मुआवजा बढ़ाना संभव नहीं है। वहीं किसानों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का हल न हुआ तो 28 नवंबर को काम बंद करवा देंगे।
किसानों ने लिया मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का फैसला
जींद जिले में किसानों ने मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया है। किसान नेताओं ने अपने स्तर पर किए गए प्रयासो का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री हरियाणा व केंद्र की दिल्ली सरकार से भी बात की है। किसानों ने प्रशासन से टावर लगाने का काम बंद कराने की मांग की।
बैठक में सहमति न बन पाने के बाद कमेटी ने तय किया कि कल यानी शुक्रवार को किसानों की कमेटी कमिश्नर से मुलाकात करेगी। किसानों ने स्पष्ट किया कि मांगे पूरी होने तक धरना लगातार जारी रहेगा और 28 तारीख को काम बंद करवाया जाएगा। बता दें कि नौगामा खाप प्रधान जयबीर लोहान के नेतृत्व में किसानों की कमेटी दोपहर को लघु सचिवालय पहुंची, जहां इस मामले में डीसी और एडीसी के साथ उनकी विस्तृत चर्चा हुई।


