Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

सरसों में जबरदस्त तेजी से बाजार में हलचल, तीन दिन में 616 बढ़े भाव

सरसों में जबरदस्त तेजी से बाजार में हलचल, तीन दिन में 616 बढ़े भाव

Mustard Market News : राजस्थान की कृषि उपज मंडी में सरसों के भावों ने तेजी का नया रिकॉर्ड बनाया है। सरसों ने 10 हजार रुपए प्रति क्विटल का आंकड़ा पार कर बाजार में हलचल मचा दी है। महज तीन दिनों में औसत भाव में 616 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। तेजी से उत्साहित किसान अब बेहतर कीमत की उम्मीद में मंडी पहुंचने लगे हैं।

दूसरी ओर सरसों के बढ़ते दामों का असर आने वाले दिनों में खाद्य तेल की कीमतों पर पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है। व्यापारी गंगाविशन सेतिया के अनुसार 21 नवंबर को सरसों का उच्चतम भाव 9525 रुपए और औसत भाव 9361 रुपए प्रति क्विटल था। 23 नवंबर को उच्चतम भाव 10161 रुपए और औसत भाव 9870 रुपए पहुंच गया।

24 नवंबर को उच्चतम भाव 10121 रुपए तथा औसत भाव 9977 रुपए दर्ज किया गया। इस तरह तीन दिनों में उच्चतम भाव 596 रुपए और औसत भाव 616 रुपए बढ़ा है। 23 नवंबर के मुकाबले अगले दिन उच्चतम भाव में मामूली गिरावट रही, लेकिन औसत भाव में तेजी जारी रही।

तेजी का असर रसोई तक पहुंचने की आशंका

व्यापारी इंद्रमोहन बाघला ने बताया कि सरसों के भाव बढ़ने से तेल मिलों के लिए कच्चे माल की खरीद महंगी हो जाती है। इससे सरसों तेल की उत्पादन लागत बढ़ सकती है। हालांकि मंडी में तेजी का असर खुदरा कीमतों पर तत्काल और उसी अनुपात में पड़े, यह जरूरी नहीं है। खाद्य तेलों के दाम आयात, पुराने स्टॉक, मांग और उत्पादन लागत जैसे कारकों पर भी निर्भर करते हैं। ऐसे में किसानों को उपज के बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है, वहीं उपभोक्ताओं को रसोई के बजट की चिंता सता रही है।

नरमा, धान और मूंग के भावों में भी हलचल

मंडी में अन्य कृषि जिंसों के भावों में भी उतार-चढ़ाव रहा। नरमा का उच्चतम भाव 21 नवंबर को 9,155 रुपए था, जो 24 नवंबर को 9,170 रुपए रहा। धान का भाव 4,650 से बढ़कर 4,701 रुपए और मूंग का 8,484 से बढ़कर 8,501 रुपए पहुंच गया। ग्वार का उच्चतम भाव 8,100 से घटकर 7.951 रुपए रह गया। बाजरे का भाव 2,711 से बढ़कर 2.820 रुपए दर्ज हुआ। कपास का उच्चतम भाव 8,700 और औसत भाव 8.450 रुपए रहा। गेहूं का उच्चतम भाव 2,775 रुपए के आसपास रहा।

बेहतर भाव की उम्मीद में बढ़ी आवक

सरसों के भावों में तेजी के साथ मंडी में इसकी आवक भी बढ़ी है। 21 नवंबर को 55 क्विटल सरसों की आवक हुई थी, जो 23 नवंबर को 172 और 24 नवंबर को बढ़कर 207 क्विंटल पहुंच गई। जिन किसानों ने उपज का स्टॉक रोक रखा है, उनकी निगाहें अब आगामी दिनों के बाजार भावों पर टिकी हैं।