Haryana Solar Exhibition : सोलर सिस्टम लगवाने के इच्छुक लोगों को एक ही जगह पर सोलर पैनल से लेकर सोलर पंप तक जानकारी देने के लिए हरियाणा ग्रीन एनर्जी रोडशो-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह हरियाणा ग्रीन एनर्जी रोडशो-2026 करनाल में आयोजित किया जाएगा।
हरियाणा सरकार के ऊर्जा एवं परिवहन विभाग द्वारा 29 नवंबरको सुबह दस बजे से सांय पांच बजे तक अग्रसेन भवन करनाल में विशेष सोलर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में देश की प्रमुख सोलर कंपनियां अपने उत्पादों, सेवाओं और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने तथा बिजली खर्च में कमी लाने के विभिन्न विकल्पों की जानकारी मिलेगी।
प्रदर्शनी में लोग सोलर कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाने, सोलर पैनल, इन्वर्टर, बैटरी तथा किसानों के लिए सोलर पंप से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना और प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा।
प्रदर्शनी में सोलर सिस्टम स्थापित करवाने की लागत, उपलब्ध तकनीकी विकल्पों, सरकारी सब्सिडी और अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त सोलर समाधान चुनने के बारे में विशेषज्ञों से जानकारी लेने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन आम नागरिकों, किसानों, दुकानदारों, व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहेगा।
जिला प्रशासन की ओर से करनाल एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, किसानों और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे इस प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सौर ऊर्जा से संबंधित जानकारी प्राप्त करें तथा बिजली खर्च कम करने के लिए उपलब्ध विकल्पों का लाभ उठाएं।


