Eco City-4 Chandigarh: आने वाले दिनों में चंडीगढ़ शहर का विस्तार होने जा रहा है। इसे तहत न्यू चंडीगढ़ शहर में रिहायशी विकास के लिए ईको सिटी-4 विकसित किया जाना है। ऐसे में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी गमाडा द्वारा इस परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की जानी है। अब जमीन अधिग्रहण के लिए प्रक्रिया तेज हो गई है।
चूंकि यहां पर जमीन अधिग्रहण होने से जो परिवार प्रभावित होंगे, उनके पुनर्वास के लिए जनसुनवाई शुरू होगी। इसके लिए गमाडा द्वारा शेड्यूल तय कर लिया है। जो जमिन मालिक इस परियोजना से प्रभावित होंगे, उनके लिए तय हुआ है कि 16 दिसंबर को सुबह 11:30 बजे कंसाला के गुरुद्वारा साहिब में में सुनवाई की जाएगी।
वहीं दोपहर 2 बजे का समय बूथगढ़ गांव के लोगों के लिए रखा गया है। यह सुनवाई बूथगढ़ गांव के गुरुद्वारा साहिब में होगी। इस दौरान ग्रामीणों और प्रशासन के बीच मुआवजे को लेकर सहमति बनाई जाएगी। साथ ही जमीन की वास्तविक स्थिति भी इस दौरान तय की जाएगी। वहीं प्रभावित होने वाले किसान अपनी आपत्तियां भी इस सुनवाई के दौरान दर्ज करवा सकेंगे।
गौरतलब है कि इस परियोजना यानी ईको सिटी-4 के विकसित होने में जिन गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा, उनमें बूथगढ़, करतारपुर, राजगढ़ और कंसाला शामिल हैं। इसी प्रस्ताव के आधार पर अब प्रभावित होने वाले लोगों से उनकी राय ली जाएगी।
दरअसल इस परियोजना के लिए कंसाला गांव से 182.9563 एकड़ और बूथगढ़ से 154.9167 एकड़ जमीन को लेकर अब सुनवाई की जा रही है। ऐसे में कुल 337.87 एकड़ से अधिक जमीन का अधिग्रहण होना है। इसके तहत ही प्रशासन द्वारा सुनवाई के नोटिस प्रभावित गांवों के किसानों के लिए जारी भी हुए हैं।


