Haryana Roadways : कोसली से चंडीगढ़ वाया कनीना, 152-डी के रास्ते जाने वाली रोडवेज बस सेवा बुधवार को अचानक रद्द कर दिए जाने से दैनिक यात्रियों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। बस रद्द होने की सूचना पहले से नहीं मिलने के कारण कई यात्री सुबह-सुबह बस स्टैंड पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें बस सेवा रद्द होने की जानकारी मिली।
आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले दैनिक यात्रियों ने बताया कि यह बस सुबह 4:30 बजे कोसली से रवाना होती है। बस पकड़ने के लिए उन्हें एक से दो घंटे पहले ही घर से उठकर कोसली बस स्टैंड पहुंचना पड़ता है। बुधवार को भी यात्री निर्धारित समय पर बस पकड़ने पहुंचे थे, लेकिन वहां बस रद्द होने की सूचना मिलने से उन्हें काफी परेशानी हुई। यात्रियों के अनुसार इस बस सेवा के माध्यम से नौकरीपेशा लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। दैनिक यात्रियों ने
बताया कि बस को अचानक रद्द करने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसी स्थिति बन चुकी है। समय पर बस नहीं मिलने से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होते हैं। यात्रियों ने इस संबंध में महाप्रबंधक को पत्र भेजकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की कि भविष्य में ऐसी स्थिति में यात्रियों को पहले से सूचना देने और वैकल्पिक व्यवस्था के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि परेशानी न उठानी पड़े।
तकनीकी खराबी आने के कारण रद्द की: जीएम
रेवाड़ी रोडवेज के महाप्रबंधक निरंजन शर्मा ने बताया कि बुधवार को बस रद्द होने की जानकारी मिली थी। बस में तकनीकी खराबी आने के कारण इसे रद्द करने का फैसला लिया गया था। भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए कोसली बस स्टैंड इंचार्ज को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।


