Special Train: ट्रेन यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। रेलवे विभाग द्वारा यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कल 27 नवंबर को अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। बता दें कि रेल प्रशासन ने अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन के यात्रियों की सुविधा हेतु दोनों दिशाओं में एक-एक अतिरिक्त ट्रिप के संचालन का फैसला लिया गया है। इस ट्रेन से राजस्थान, मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश और गुजरात के रेल यात्रियों का सफर आसान होगा। रेलवे विभाग द्वारा स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल और रूट जारी कर दिया गया है।
इन स्टेशनों पर रहेगा स्पेशल ट्रेन का ठहराव
भारतीय रेलवे द्वारा कल संचालित की जा रही अहमदाबाद दरभंगा अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन कई राज्यों के छोटे-बड़े शहरों में ठहराव करेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, इदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी, औड़िहार, गाजीपुर सिटी, छायापुरी, रतलाम, नागदा, रामगंज मंडी, कोटा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर व छपरा स्टेशन पर ठहराव करेगी।
इस प्रकार रहेगा शेड्यूल
अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल ट्रेन संख्या 09465 कल शुक्रवार को अहमदाबाद से रात्रि 20:25 बजे रवाना होकर कई स्टेशनों पर ठहराव करते हुए 29 नवम्बर को सुबह 10:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। 30 नवंबर को वापसी में गाड़ी संख्या 09466 दरभंगा से अलसुबह 3:00 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन 1 दिसंबर को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर आगमन करेगी।


