Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हरियाणा में नगर परिषद का जेई सस्पेंड, 90 लाख की सड़क में खामियां मिलने पर हुई कार्रवाई

हरियाणा में नगर परिषद का जेई सस्पेंड, 90 लाख की सड़क में खामियां मिलने पर हुई कार्रवाई

Haryana JE Suspended : हरियाणा में सड़क निर्माण में होने वाली गड़बड़ी को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। पिछले दिनों सीएम नायब सैनी ने भ्रष्टाचार व लापरवाही करने वाले कर्मचारियों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए थे। रेवाड़ी के सेक्टर-4 में सड़क निर्माण में कथित लापरवाही, खराब गुणवत्ता और शिकायतों के बाद शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने रेवाड़ी नगर परिषद में तैनात कनिष्ठ अभियंता (जेई) विकास गर्ग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा की महानिदेशक शरणदीप कौर बराड़ ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान जेई विकास गर्ग का मुख्यालय अधीक्षक अभियंता, नगर निगम, पंचकूला का कार्यालय निर्धारित किया गया है। बता दें कि यही जेई पिछले माह में चार्जशीट हो चुके हैं। वहीं, 23 दिन के अंदर नगर परिषद के दूसरे जेई पर गाज गिरी है।

80% काम ही हुआ, उससे पहले ही परत उखड़ने लगी

रेवाड़ी के सेक्टर-4 में जिमखाना क्लब के नजदीक से गुजरने वाली करीब 970 मीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। करीब 90 लाख रुपए की लागत से बन रही इस सड़क का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था, लेकिन नियमित मॉनिटरिंग नहीं करने और कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ने, रोडियां दिखने तथा लेवल सही नहीं होने की शिकायतों के चलते जेई पर गाज गिरी है।

ब्रास मार्केट मामले में 2 पर हुई कार्रवाई

नगर परिषद क्षेत्र की लगभग हर सड़क पर सवाल उठाते आ रहे हैं। इसी वजह से लगातार कार्रवाई हो रही है। इससे पहले ब्रास मार्केट की सड़क को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में 25 अक्टूबर को जेई विकास और कुशल के खिलाफ चार्जशीट के आदेश हुए थे। बताया जा रहा है कि ब्रास मार्केट की सड़क की भी गुणवत्ता घटिया मिली थी।

संबंधित जेई मॉनिटरिंग और सही निर्माण करने में विफल रहे थे। इसी वजह से उन पर एक्शन हुआ। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह खुद भी सड़कों को लेकर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि 10 से 15 साल चलने वाली सड़कें आखिर एक या दो साल में ही कैसे खराब हो रही हैं।

इस पर अधिकारियों को मंथन करने की जरूरत है। हालांकि इसके बाद भी कोई फर्क नहीं पड़ा है। हाल ही में बनी मुख्य बाजार की सड़क, ब्रास मार्केट और सेक्टर 4 के रोड भी खराब श्रेणी की ही मानी जा रही हैं। लगातार शोर मचने पर भी हालात नहीं सुधारना हैरान करने वाला है।

ठेकेदार पर कार्रवाई होगी, फिलहाल पूरी कराएंगे सड़क

इससे पहले मामला सामने आने के बाद विभाग ने एहतियातन निर्माण कार्य को बीच में रुकवा दिया था। जांच के तहत चंडीगढ़ से लैब की टीम रेवाड़ी पहुंची थी और मौके से सड़क के 12 सैंपल एकत्रित किए थे। चर्चा थी कि ठेकेदार को दिया गया मौजूदा टेंडर कैंसिल किया जाएगा। लेकिन टेंडर कैंसिल होने से नए सिरे से टेंडर करने होंगे, जिससे सड़क को पूरा करने में काफी समय लग सकता है। इसलिए मौजूदा ठेकेदार से सड़क का काम कराया जा सकता है।

जेई विकास गर्ग के खिलाफ चार्जशीट का ड्राफ्ट तलब

विभाग ने आगामी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जिला नगर आयुक्त, रेवाड़ी को जेई विकास गर्ग के खिलाफ हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम-7 के तहत चार्जशीट का ड्राफ्ट उपलब्ध कराने को कहा है। आदेश की प्रति नगर निगम पंचकूला के आयुक्त, रेवाड़ी नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी और संबंधित अधिकारी को भेज दी गई है।