Delhi Housing Project : दिल्ली में प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट में फ्लैट्स लेने का मौका है। नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कारपोरेशन (एनबीसीसी) ने सरोजिनी नगर स्थित अपने प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट 'एवेन्यू टावर्स' के 66 अपार्टमेंट्स की दोबारा ई- नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनमें पहले प्रशासनिक कारणों से रद किए गए 49 फ्लैट भी शामिल हैं। इन फ्लैट्स को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में याचिकाएं लंबित होने के बीच एनबीसीसी ने नीलामी की शर्तों में बदलाव करते हुए आवेदकों को अपने जोखिम पर बोली लगाने की सलाह दी है।
एनबीसीसी की वेबसाइट पर 16 नवंबर को अपडेट की गई सूचना के अनुसार, 28 अक्टूबर को प्रशासनिक कारणों से रद की गई 49 फ्लैट्स की नीलामी के फैसले को कुछ बोलीदाताओं ने दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। इसके बावजूद इन सभी फ्लैट्स को मौजूदा नीलामी में शामिल किया गया है। एनबीसीसी ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई आवेदक इन परिस्थितियों से अवगत होने के बावजूद नीलामी में हिस्सा लेता है, तो किसी भी तरह के नुकसान, दावे, उम्मीद या धारणा के लिए निगम जिम्मेदार नहीं होगा।
सफल बोलीदाता नहीं ले सकेंगे हिस्सा
नई शर्तों के मुताबिक, 24 अक्टूबर को आयोजित नीलामी में सफल घोषित किए गए बोलीदाता इस बार की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे। एनबीसीसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि परियोजना की जमीन को लेकर किसी भी अदालत में कोई मुकदमा लंबित नहीं है। हालांकि, 49 फ्लैट्स की बोली रद किए जाने के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में कुछ रिट याचिकाएं दायर की गई हैं।
एक पैन कार्ड से एक ही फ्लैट के लिए बोली
बिड दस्तावेजों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि एक वैध पैन कार्ड का इस्तेमाल केवल एक आवासीय फ्लैट के लिए आवेदन और बोली लगाने में किया जा सकेगा। अलग-अलग यूजर अकाउंट बनाकर एक ही पैन कार्ड से कई आवेदन जमा करने की अनुमति नहीं होगी। कोई व्यक्ति या संस्था प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से एक से अधिक यूनिट भी हासिल नहीं कर सकेगी। इच्छुक खरीदार 28 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि ई-नीलामी 30 नवंबर को प्रस्तावित है।
2027 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद
सरोजिनी नगर के अफ्रीका एवेन्यू रोड पर स्थित एवेन्यू टावर्स परियोजना में कुल 262 चार-बेडरूम अपार्टमेंट बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक फ्लैट का बिक्री योग्य क्षेत्रफल 4,000 वर्ग फीट से अधिक है। परियोजना में नौ टावर होंगे, जिनमें भूतल के अलावा 10 मंजिलें होंगी। यहां स्काईवॉक, कॉमन क्लब हाउस और हरित खुले स्थान जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। परियोजना को पहले सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन ग्रेप प्रतिबंधों के कारण अब इसके दिसंबर 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।


