IAS Anu Kumari success story: यूपीएससी की परीक्षा को देश की कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है। हर साल बड़े पैमाने पर बच्चे इस कठिन परीक्षा को देते हैं लेकिन इसे पास करना बेहद ही मुश्किल होता है। कुछ ऐसे बच्चे होते हैं जो मुश्किलों से डर के इस कठिन परीक्षा को बीच में ही छोड़ देते हैं। वहीं कुछ ऐसे बच्चे भी होते हैं, जो तब तक नहीं रुकते जब तक उन्हें सफलता नहीं मिल जाती। आज हम आपको हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली अनु कुमारी की कहानी बताएंगे जिन्होंने बिना कोचिंग इस कठिन परीक्षा को पास कर दिखाया।
बिना कोचिंग आईएएस ऑफिसर बनी अनु कुमारी
अनु कुमारी बचपन से ही अफसर बनकर देश सेवा का सपना देख रही थी और 2017 में यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में वह सेकंड टॉपर रही। वैसे तो वह हमेशा से अफसर बनना चाहती थी लेकिन अफसर बनने से पहले ही उनकी शादी हो गई और एक बच्चा भी हो गया।
अनु कुमारी सोनीपत की रहने वाली है और उनकी सफलता की कहानी बेहद ही दिलचस्प है। उन्होंने सबसे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी से फिजिक्स से पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की उसके बाद IMT नागपुर से फाइनेंस और मार्केटिंग में मास्टर्स किया फिर 2012 में उनकी शादी हो गई और वह गुरुग्राम में रहने लगी। लेकिन उनका दिल हमेशा से यूपीएससी की तरफ आकर्षित था। इसलिए वह शादी के बाद अपने बच्चे को ससुराल में छोड़कर यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी। पहले प्रयास में तो उन्हें सफलता नहीं मिल पाई लेकिन दूसरे प्रयास में उन्हें 2017 में सफलता मिल गई।
2 साल के बेटे से रही दूर
अनु का सपना अफसर बनने का था। इसलिए उन्होंने 2 साल के बच्चे को अपने ससुराल में छोड़कर आगे बढ़ने का फैसला लिया। पहले प्रयास में एक नंबर से उनका फाइनल सिलेक्शन नहीं हो पाया लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। अपनी पहली यूपीएससी की परीक्षा में हुई गलतियों से सीख लेते हुए उन्होंने दूसरी बार तैयारी शुरू कर दी। दूसरे अटेम्प्ट में अनु को यूपीएससी में सफलता मिल गई।
उन्होंने बताया कि वह जल्दी सोती थी और जल्दी उठती थी। रोजाना 10 से 12 घंटे पढ़ती थी। इसके अलावा वह सुबह की सैर के दौरान ऑल इंडिया रेडियो सुनती थी और खाने के दौरान राज्यसभा टीवी भी देखती थी। उन्होंने अपने एक-एक मिनट का काफी अच्छे तरीके से इस्तेमाल किया। अनु की सफलता की कहानी बताती है कि हमें कभी हार नहीं माननी चाहिए और मुश्किलों से लड़कर भी आगे बढ़ना चाहिए।


