Kendriya Vidyalaya Sangathan : हरियाणा को नए केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिलने वाली है। केंद्रीय विद्यालय की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है और इसके निर्माण के बाद शिक्षा के स्तर में सुधार आएगा। वहीं विद्यार्थियों को कम फीस में बेहतर एजुकेशन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए हरियाणा के असंध के गांव मुंड में नया केंद्रीय विद्यालय बनाया जाएगा। गांव में केंद्रीय विद्यालय की प्रक्रिया को पूरा करने का काम शुरू हो चुका है।
इसके लिए बुधवार को केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए केंद्रीय विद्यालय की टीमों और उपमंडल अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया गया। जहां पर टीम की तरफ से केंद्रीय विद्यालय बनाने के मानकों की समीक्षा की गई। केंद्रीय विद्यालय के मानकों के अनुसार गांव मुंड स्थित भूमि के क्षेत्रफल, भौतिक स्थिति, पहुँच मार्ग, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, जल निकासी व्यवस्था, आसपास के वातावरण एवं विद्यालय भवन तथा खेल सुविधाओं के निर्माण हेतु भूमि की उपयुक्तता का अवलोकन किया गया।
इस दौरान केंद्रीय विद्यालय के लिए नए भवन के तैयार होने तक अस्थाई भवन के तौर पर कैंब्रिज स्कूल की बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया गया। केंद्रीय विद्यालय के उपायुक्त चंद्रशेखर ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित विद्यालय हैं।
इनमें विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित वातावरण प्रदान किया जाता है। गांव मुंड में केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि निरक्षण संबंधित कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसके बाद जल्द ही भवन का निर्माण करने का काम शुरू हो जाएगा। हालांकि भवन बनने से पहले ही मुंड गांव में विद्यालय की कक्षाएं लगनी शुरू हो जाएगी।
जहां पर केंद्रीय विद्यालय में दाखिले की प्रक्रिया नए सत्र से शुरू होने की संभावना है। इस दौरान केवीएस उपायुक्त चंद्रशेखर, डीडीपीओ कंचनलता, बीडीपीओ प्रशांत कुमार, नायब तहसीलदार राधेश्याम, केवीएस विद्यालय नीलम , पीडब्ल्यूडी जेई राजेश अरोड़ा, सरपंच मुंड सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।


