Karnal Sports Facilities : करनाल के कर्ण स्टेडियम का कायाकल्प करने के लिए सरकार की तरफ से योजना बनाई है। जहां पर खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएगी और नए खेलों के लिए कोर्ट व हाल स्थापित किए जाएंगे। ताकि यहां पर खिलाड़ी अभ्यास करके ओलंपिक व एशिया खेलों के लिए अपनी प्रतिभा को निखार कर सके।
हरियाणा सरकार द्वारा स्टेडियम में 6 नए बैडमिंटन कोर्ट और एक बड़े बॉक्सिंग हॉल का निर्माण करने की मंजूरी दी गई है। इसके लिए ड्राइंग एवं एस्टीमेट संबंधित विभाग को भेजे जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों एवं दर्शकों की सुविधा के लिए बैठने हेतु सीढ़ीनुमा स्टैंड (स्टेप्स) के निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
सीएम की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
सीएम नायब सैनी ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री घोषणा समीक्षा बैठक ली। इसमें सभी विधायकों के साथ एसीएस स्तर एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की वन-टू-वन बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विधायक जगमोहन आनंद ने करनाल विधानसभा क्षेत्र से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की लंबित मांगों एवं विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।
इसमें विधायक जगमोहन आनंद ने विशेष रूप से करनाल के कर्ण स्टेडियम के विकास का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है। हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। बैठक में उठाई गई सभी लंबित मांगों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है और उनका प्रयास रहेगा कि करनाल विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रस्तावित एवं लंबित विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए।


