Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

किशनगढ़-खैरथल-कोटपूतली मार्ग को मिलेगी राहत, रेलवे बनाएगा नया ओवरब्रिज

किशनगढ़-खैरथल-कोटपूतली मार्ग को मिलेगी राहत, रेलवे बनाएगा नया ओवरब्रिज

Khairthal Railway Overbridge : राजस्थान को रेलवे विभाग ने नए ओवरब्रिज की सौगात दी है। इस ओवरब्रिज से खैरथल शहर के बीचोंबीच स्थित रेलवे फाटक संख्या-93 पर आए दिन लगने वाले जाम से अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। रेलवे ने यहां प्रस्तावित ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर परियोजना को विशेष रेलवे परियोजना घोषित कर दिया है। साथ ही जिला कलक्टर को पत्र लिखकर विशेष मुआवजा अधिकारी की नियुक्ति के निर्देश दिए गए है। इस ओवरब्रिज के निर्माण का पूरा खर्च रेलवे वहन करेगा।

पूर्व में राज्य सरकार की ओर से इस ओवरब्रिज के लिए 48 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे, लेकिन अब परियोजना की प्रक्रिया नए सिरे से शुरू होगी। इसमें टेंडर, भूमि अधिग्रहण और नक्शे से संबंधित प्रक्रियाएं दोबारा पूरी की जाएंगी। संभावना है कि पूर्व में जारी नक्शे में भी आंशिक बदलाव किया जा सकता है।

प्रस्तावित ओवरब्रिज का डिजाइन अन्य ओवरब्रिज से अलग हो सकता है। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, केंद्रीय रेल मंत्रालय ने 19 अक्टूबर 2026 तथा जयपुर रेलवे मंडल ने 29 अक्टूबर 2026 को इस परियोजना के संबंध में अधिसूचना जारी की है। प्रस्तावित ओवरब्रिज की चौड़ाई 80 फीट होगी। इसमें सड़क के केंद्र से दोनों ओर 40-40 फीट का विस्तार प्रस्तावित है।

दिन में कई बार बंद होता है फाटक

खैरथल शहर के बीच से गुजरने वाली दिल्ली-जयपुर मुख्य रेलवे लाइन पर स्थित रेलवे फाटक संख्या-93 यातायात की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यह मार्ग एमडीआर-25 भिवाड़ी-कोटपूतली सड़क मार्ग से भी जुड़ा हुआ है। इस कारण यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ट्रेनों के आवागमन के चलते रेलवे फाटक दिन में कई बार बंद करना पड़ता है।

ऐसे में फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। कई बार फाटक बंद रहने से दोपहिया, चौपहिया वाहनों, स्कूली बसों, दमकल वाहनों और एम्बुलेंस को भी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। इसका असर व्यापारियों, दुकानदारों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और आम राहगीरों की दिनचर्या पर पड़ता है।

किशनगढ खैरथल- कोटपूतली मार्ग को भी मिलेगा फायदा

प्रस्तावित ओवरब्रिज का लाभ केवल खैरथल शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किशनगढ़-खैरथल-कोटपूतली मार्ग से आवागमन करने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को भी राहत मिलेगी। रेलवे फाटक पर ट्रेनों के गुजरने के दौरान लगने वाले जाम से बचते हुए वाहन ओवरब्रिज के जरिए निर्बाध आवागमन कर सकेंगे।

व्यापारिक गतिविधियों को भी मिलेगी गति

खैरथल का मुख्य बाजार रेलवे फाटक के आसपास स्थित होने के कारण फाटक बंद होने का सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ता है। जाम के चलते ग्राहकों और व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ती है। ओवरब्रिज बनने से बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।