Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

पावटा से अक्षरधाम और बोरानाडा तक मिलेगी ई-बस सुविधा, जोधपुर शहर को मिली नई सौगात

पावटा से अक्षरधाम और बोरानाडा तक मिलेगी ई-बस सुविधा, जोधपुर शहर को मिली नई सौगात

Jodhpur E Bus : राजस्थान के जोधपुर शहर के लोगों को नए रूट पर पीएम ई बस सेवा का लाभ मिलने वाला है। इस बस सेवा से हजारों यात्रियो को राहत मिलने वाली है। जोधपुर नगर निगम की वातानुकूलित पीएम ई-बस सेवा दो और नए रूट पर संचालित की जाएगी।

नौ नई ई-वी बसे पावटा से अक्षरधाम और पावटा से बोरानाडा तक संचालित की जाएगी। निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि महापौर प्रसन्नचन्द मेहता बुधवार सुबह 10 बजे पावटा से अक्षरधाम रूट के लिए चार नई ईवी बसें और पावटा से बोरानाडा में पेप्सी सर्कल तक पांच ईवी बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे।

अब कुल 23 बसों का संचालन शुरू होगा

निगम की ओर से पीएम ई-बसों का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में 14 बसें संचालित की जा रही हैं। नौ नई बसों के साथ शहर में कुल 23 ईवी बस अलग-अलग मार्गों पर दौड़ेंगी। इन बस सेवाओं से हजारों यात्रियों को लाभ मिल रहा है और उनको बेहतर परिवहन सुविधा मिल रही है।

15 से 30 रुपए रहेगा बस किराया

पावटा से अक्षरधाम और पावटा से बोरानाडा बसों का रेलवे स्टेशन, जालोरी गेट, 5वीं रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर संचालन रहेगा। वहीं, पेप्सी चौराहे वाले रूट से मिल्कमैन कॉलोनी, खेमा का कुआं, अशोक उद्यान, पाल बालाजी होकर पावटा तक संचालित होगी। इसके लिए न्यूनतम 15 रुपए और अधिकतम 30 रुपए किराया तय किया गया है।