Faridabad Master Plan 2031 : हरियाणा सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक शहर में नए सेक्टर विकसित करने की योजना बना ली है। जहां पर शहरों के साथ लगते हुए गांव की जमीन पर नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे और इसके लिए जमीन का अधिग्रहण के लिए उनको चिन्हित करने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है।
सरकार ने मास्टर प्लान-2031 के तहत फरीदाबाद में नए 67 सेक्टर विकसित करने की योजना बनाई है। जहां नए सेक्टर विकसित करने के लिए 3100 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इन नए सेक्टर में मास्टर रोड, सर्विस रोड, सेक्टर रोड के साथ ग्रीन बेल्ड को विकसित किया जाएगा। जहां पर जमीन अधिग्रहण के लिए नगर योजना विभाग संबंधित विभागों से बातचीत शुरू करके प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। फरीदाबाद में सेक्टर विकसित करने के लिए जमीन का अधिग्रहण फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा।
फरीदाबाद में 92 से बढ़कर सेक्टरों की संख्या हो जाएगी 158
सेक्टर 92 से 158 तक 67 सेक्टरों की मास्टर रोड सिक्स-लेन बनेगी। इसकी चौड़ाई 200 फुट होगी, जबकि दोनों ओर 40-40 फुट चौड़ी सर्विस रोड भी बनेगी। बता दें जिले में इस समय 91 सेक्टर हैं। लेकिन इस प्लान के बाद सेक्टरों की संख्या 158 हो जाएगी। जिला नगर योजनाकार मनीष यादव ने बताया कि 3100 एकड़ जमीन अधिग्रहण करने की तैयारी शुरुआती चरण में है। अभी बहुत सारे पहलू देखे जा रहे हैं। कई विभागों के अधिकारियों से बात हो रही है।
बिल्डर भी हो रहे सक्रिय
मास्टर प्लान को लेकर बिल्डर लाबी भी सक्रिय हो गई है। सालभर से तिगांव, बुखारपुर, जुन्हेड़ा, दयालपुर, बदरौला सहित आसपास के गांव में जमीन की खरीद तेजी से हो रही है। इस वजह से यहां जमीन के दाम में काफी बढ़ोतरी हो रही है। कई किसानों ने जमीन बेचनी शुरू कर दी है तो काफी अभी और दाम बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।


