Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हाईवे बन गए, जमीन का नामांतरण नहीं हुआ, 40% सरकारी जमीन अब भी किसानों के नाम

हाईवे बन गए, जमीन का नामांतरण नहीं हुआ, 40% सरकारी जमीन अब भी किसानों के नाम

NHAI Land Acquisition : एनएचएआई की तरफ से जमीन अधिग्रहण के मामले में लापरवाही सामने आई है। जहां पर सरकार द्वारा किसानों को मुआवजा दे दिया और उस जगह पर हाईवे भी बन गया है, लेकिन अभी भी हाईवे की जमीन किसानों के नाम पर चल रही है।

ऐसे में अब नेशनल हाईवे की जमीन बिकने का खतरा बढ़ गया है। यह मामला यूपी के गोरखपुर में बने नेशनल हाईवे के निर्माण के बाद भी अब तक 40 फीसदी से अधिक जमीनों का नामांतरण नहीं हुआ है। इस कारण मुआवजे देने के बावजूद भी सरकारी जमीन पर काश्तकारों का ही नाम है। ऐसे में कई काश्तकार हाईवे की जमीनों को बेच भी रहे हैं। ऐसी स्थिति गोरखपुर के अलावा गाजीपुर, मऊ और महराजगंज में भी है।

10-15 साल पहले जिन जमीनों को सरकार ने नेशनल हाईवे के लिए अधिग्रहित किया और वहां बनी फोरलेन सड़कों पर वाहन फर्राटा भर रहे हैं, वह अभिलेखों में अब भी काश्तकार की निकली और इसी आधार पर उसका बैनामा भी हो गया। कौड़ीराम क्षेत्र के अरनी मौजा में सामने आए इस मामले ने गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन के लिए अधिग्रहीत जमीनों के नामांतरण की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी जमीन की बिक्री की चर्चा के बीच एनएचएआई ने संबंधित जिले के जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है।

कौड़ीराम क्षेत्र के अरनी मौजा के प्रकरण में बताया जा रहा है कि अधिग्रहीत जमीन का रकबा काश्तकार की खतौनी में दर्ज होने के कारण उसका बैनामा कर दिया गया। वहीं दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी होने पर वही रकबा नए बैनामेदार की खतौनी में भी दर्ज हो गया। अब बैनामेदार अपने नाम दर्ज 15 डिसमिल जमीन पर कब्जे का दावा कर रहे हैं, जबकि विक्रेता के हिस्से में 11 डिसिमल ही जमीन थी। विवाद की स्थिति पैदा हो गई है।

कई परियोजनाओं में एक जैसी स्थिति

बताया जा रहा है कि गोरखपुर, गाजीपुर और मऊ में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए अधिग्रहीत जमीनों का भी पूरा नामांतरण नहीं हो सका है। अधिग्रहण के बाद अभिलेखों में स्वामित्व परिवर्तन नहीं होने से जमीन की खरीद-बिक्री का रास्ता खुला रह गया। अब मामला सामने आने के बाद संबंधित जमीनों की जांच शुरू होने की बात कही जा रही है।

गोरखपुर सोनौली हाईवे में गोरखपुर एवं महराजगंज में एक भी विलेख में नामांतरण नहीं हुआ है। गोरखपुर वाराणसी हाईवे में गाजीपुर में 65.16, मऊ में 79.36 एवं गोरखपुर में करीब 78 प्रतिशत बैनामें में ही नामांतरण हुआ है। इसके साथ ही गोरखपुर बाईपास में पूरी जमीन का नामांतरण नहीं हुआ है।

विवाद और अतिक्रमण बनेगा चुनौती

अधिग्रहीत जमीन के बैनामे और बाद में दाखिल-खारिज से जुड़े विवाद बढ़े तो मामला न्यायालय तक पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में हाईवे के चौड़ीकरण और अन्य निर्माण कार्यों पर भी न्यायिक हस्तक्षेप की नौबत आ सकती है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अधिग्रहीत भूमि का सत्यापन कर अभिलेखों में तत्काल नामांतरण कराने की है। खतौनी में नाम होने के कारण अंश से अधिक संपत्ति बेची जाएगी तो सड़क की अतिरिक्त जमीन पर हुए अतिक्रमण को खाली कराने में कठिनाई होगी, वहीं काश्तकारों के बीच में भी विवाद बढ़ेंगे।

एनएचएआई पीडी अंकित कुच्छल ने बताया कि एनएचएआई के जिन जमीनों का अधिग्रहण करके सड़कें बनाई गई हैं, उनमें सभी जमीनों के नामांतरण के लिए संबंधित जिले के जिलाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। यदि किसी ने सरकारी जमीन की बिक्री की होगी तो मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।