Postal Life Insurance : डाक भेजने, बैंकिंग और बचत योजनाओं के बाद भारतीय डाक विभाग अब जीवन बीमा सेवाओं को भी पूरी तरह डिजिटल बनाने जा रहा है। है। इसके तहत डाक विभाग द्वारा स्वयं विकसित बीमा प्रबंधन समाधान सॉफ्टवेयर 25 नवंबर से देशभर में लागू किया जा रहा है। नई व्यवस्था के शुरू होने से जीवन बीमा करवाने के इच्छुक लोगों को दस्तावेज जमा करवाने, उनके सत्यापन और अनुमोदन के लिए 7 से 10 दिन तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
नई प्रणाली के लागू होने पर आवेदक घर बैठे ही अपने आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे, जिससे आवेदन और आगे की प्रक्रिया कुछ ही घंटों में पूरी हो सकेगी। पहले दस्तावेजों की जांच व अनुमोदन में कई दिन लगते थे और किसी कमी की स्थिति में दोबारा भागदौड़ करनी पड़ती थी। अब यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से जुड़ने से समय और श्रम दोनों की बचत होगी।
इस व्यवस्था में उपभोक्ताओं को पॉलिसी चुनने के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। लोग ऑनलाइन उपलब्ध विभिन्न योजनाओं के नियम, शर्ते और लाभ देखकर अपनी आवश्यकता व बजट के अनुसार स्वयं पॉलिसी का चयन कर सकेंगे। इंदौर और पुणे में इस सॉफ्टवेयर का सफल परीक्षण किया जा चुका है।
20 हजार से 50 लाख तक का बीमा, बोनस का भी लाभ
डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा की दोनों श्रेणियों में 19 से 55 वर्ष आयु वर्ग के नागरिक लाभ ले सकते हैं। इनमें न्यूनतम 20 हजार से अधिकतम 50 लाख तक का बीमा करवाया जा सकता है, जिसकी न्यूनतम अवधि 5 वर्ष निर्धारित है। परिपक्वता पर जमा राशि के साथ नियमानुसार अर्जित बोनस भी मिलता है, जिससे परिवार को बीमा सुरक्षा के साथ बचत का लाभ भी प्राप्त होता है।
ऑनलाइन व्यवस्था और अधिक होगी पारदर्शी
प्रधान डाकघर के प्रवक्ता हिम्मत सिंह ने बताया कि 25 नवंबर से शुरू होने वाली यह ऑनलाइन व्यवस्था डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा को और अधिक पारदर्शी, तेज व सुलभ बनाएगी। क्षेत्र के लोग अब घर बैठे आसानी से दस्तावेज अपलोड कर अपनी जरूरत के अनुसार पॉलिसी चुन सकेंगे।


