Indore New Bypass : नए बायपास के पश्चिमी हिस्से का काम करीब दस महीने से चल रहा है, लेकिन पूर्वी बायपास का मामला हाईकोर्ट में है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पर हाईकोर्ट का स्टे है। अब भी जमीन का कुछ हिस्से का कब्जा नहीं मिल सका है। इधर, पूर्वी बायपास भी उलझने से दोनों हिस्से लेट हो रहे हैं। सिंहस्थ के लिए अहम माने जा रहे - नए बायपास की प्रक्रिया करीब ढाई साल से चल रही है, लेकिन अड़चन होने से सिंहस्थ के पहले काम पूरा करना चुनौतीपूर्ण लग रहा है।
मालूम हो एनएचएआइ पूर्वी बायपास की 10 बार टेंडर की तारीख बढ़ा चुका है। पूर्वी बायपास के लिए जारी अधिसूचना में 10 से ज्यादा गांवों में केवल जमीन के खसरा नंबर दिखाए गए हैं। उस खसरा नंबर के किस भाग की जमीन जाएगी, उसका उल्लेख नहीं किया। एनएचएआइ एक्ट में स्पष्ट है कि अधिगृहीत की जाने वाली जमीन की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। किसी खसरे में यदि एक हजार वर्गफीट जमीन में से 100 वर्गफीट जमीन जा रही है तो वह कहां की जाएगी, यह साफ नहीं है। बताया जाता है कि इस वजह से अधिग्रहण की प्रक्रिया पर हाईकोर्ट का स्टे हैं।
पश्चिमी बायपास का काम चल रहा, 3.7 किमी जमीन बाकी
पश्चिमी बायपास ने आकार लेना शुरू कर दिया है। 64 किमी के इस हिस्से का पीथमपुर-देपालपुर क्षेत्र में निर्माण हो रहा है। रोलाई, बड़ोदिया पंथ, करडिया, पालदी, मिर्जापुर में काम चल रहा है। पश्चिमी बायपास की स्वीकृति जून 2023 में तो मार्च 2024 में 1880 करोड़ के टेंडर होने के साथ भू-अर्जन की प्रक्रिया शुरू की गई। 64 किमी में से 60.3 किमी में जमीन मिल गई। 3.7 किमी में जमीन मिलना बाकी है। इसमें 25 किमी सांवेर तहसील में है।
खसरों के बटांकन मामले एसडीएम कोर्ट में है। इसके अलावा कई बाधक भी नहीं हट सके हैं। पश्चिमी बायपास के लिए अहमदाबाद की कंपनी को ठेका दिया है। दो चरण में सड़क निर्माण की लागत 996 और 884 करोड़ है। एनएचएआइ के अनुसार, आठ किमी में पीथमपुर से सड़क शुरू होगी। इसके बाद 12 किमी देपालपुर, 20 किमी हातोद, 14 किमी सांवर से होते हुए सड़क गुजरेगी। जैतपुरा, मुंडला हुसैन, धतूरिया, ब्राह्मण पीपल्या और एक अन्य गांव की जमीन एनएचएआइ को पहले ही मिल चुकी है।


