काठमांडू। काठमांडू में 21 से 23 नवंबर तक आयोजित चार देशों की जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में भारतीय बालक टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। इस टूर्नामेंट में भारत, नेपाल, बांग्लादेश और थाईलैंड की टीमों ने हिस्सा लिया था। भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अपने खेल से सभी को प्रभावित किया और एक भी मैच गंवाए बिना खिताबी जीत हासिल की।
लीग मैचों में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद आक्रामक रहा। टीम ने अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड को 75-53 के अंतर से हराया। इसके बाद नेपाल के खिलाफ 52-43 और बांग्लादेश के खिलाफ 76-21 की बड़ी जीत दर्ज कर फाइनल में जगह पक्की की। खिताबी मुकाबले में भारत का सामना एक बार फिर नेपाल से हुआ, जहां भारतीय टीम ने 57-45 के स्कोर के साथ रोमांचक जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन के महामंत्री और राजस्थान ओलंपिक संघ के अध्यक्ष तेजस्वी सिंह गहलोत ने टीम की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। उन्होंने विशेष रूप से राजस्थान के दो खिलाड़ियों, रवि कुमार और ईशान सिंह के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। गहलोत ने टीम के सभी सदस्यों और सहयोगी स्टाफ को इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी।
स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम में हर्षमान, चिंटू, प्रज्वाल, श्रीनाथ, हिमांशु, राहुल, नागराज, ईशांत, युवराज, रमेश, श्रीधर, रवि कुमार, दीपक कुमार, आर्यन और विश्वास शामिल थे। टीम को कोच रीशांत और नितिन तोमर का मार्गदर्शन मिला, जबकि आनंद ने मैनेजर के रूप में टीम की जिम्मेदारी संभाली। इस जीत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जूनियर कबड्डी की मजबूती को एक बार फिर साबित कर दिया है।


