Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

राजस्थान के इस शहर में 700 से ज्यादा सरकारी फ्लैट सस्ते में बिकेंगे, आवासन मंडल कीमतों में करेगा 50% तक कटौती

राजस्थान के इस शहर में 700 से ज्यादा सरकारी फ्लैट सस्ते में बिकेंगे, आवासन मंडल कीमतों में करेगा 50% तक कटौती

Housing Board Flats Sale : राजस्थान के शहर में अपना घर खरीदने की सोच रहे है तो यह आपके लिए मौका हो सकता है। राजस्थान के आवासन मंडल द्वारा बनाए गए फ्लैट को आधी कीमत पर बेचने की तैयारी कर रहा है। राजस्थान के जोधपुर शहर में सरकारी आवासीय योजनाओं के तहत बनाए गए सैकड़ों फ्लैट सालों से खरीदारों का इंतजार कर रहे हैं।

सुविधाओं की कमी, तीसरी मंजिल तक लिफ्ट की सुविधा नहीं होने और लोगों की बेरुखी के चलते ये आवास राजस्थान आवासन मंडल के लिए आर्थिक बोझ बन गए है। अब इन्हें बेचने के लिए मंडल ने कीमतों में 50 प्रतिशत तक की कटौती करने की तैयारी की है। इसके तहत कुड़ी भगतासनी और विवेक विहार आवासीय योजनाओं के 700 से अधिक फ्लैट रियायती दरों पर बेचने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

आवासन मंडल के जयपुर मुख्यालय से प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद इन फ्लैटों की बिक्री की प्रक्रिया शुरू होगी। खास बात यह है कि इस बार उन फ्लैटों को भी रियायती दरों पर बेचने की योजना में शामिल किया गया है, जिनकी पहले लॉटरी निकाली जा चुकी थी, लेकिन आवंटियों ने निर्धारित समय पर किस्तें जमा नहीं कराई।

इसके चलते उनका आवंटन निरस्त कर दिया गया और फ्लैट खाली रह गए। कुड़ी भगतासनी आवासीय योजना में सबसे बड़ी समस्या तीसरी मंजिल पर बने फ्लैटों की है। यहां तीन मंजिला इमारतें तो बना दी गई, लेकिन लिफ्ट की सुविधा नहीं दी गई। ऐसे में ऊपरी मंजिलों के फ्लैट खरीदने में लोगों ने रुचि नहीं दिखाई। दूसरी ओर विवेक विहार में भी लंबे समय से बड़ी संख्या में आवास खाली पड़े है। वर्ष 2016 में इनका निर्माण पूरा हो गया था, लेकिन करीब 10 साल बाद भी खरीदार नहीं मिलने से कई फ्लैट जर्जर होने लगे हैं।

ईडब्ल्यूएस से एमआइजी तक के आवास शामिल

रियायती दरों पर बिक्री के प्रस्ताव में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), अल्प आय वर्ग (एलआइजी) और मध्यम आय वर्ग (एमआइजी-ए व बी) के फ्लैट शामिल है। इसके अलावा पूर्व में आवंटित किए गए वे फ्लैट भी योजना में शामिल किए गए है, जिनके आवंटियों ने निर्धारित समय पर किस्तों का भुगतान नहीं किया। लंबे समय तक भुगतान नहीं होने के कारण ऐसे फ्लैटों का आवंटन निरस्त कर दिया गया था।