Cryptocurrency India : क्रिप्टो करेंसी में ट्रेडिंग करने वाले यानी कारोबार करने वालों की आने वाले समय में मुसीबत बढ़ने वाली है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद क्रिप्टो उद्योग के स्व-नियामक संगठन (एसआरबी) ने सभी एक्सचेंजों को अपने कारोबार और लेनदेन की कानूनी जांच करने की सलाह दी है। इसके लिए 60 दिन का समय दिया गया है।
भारत में क्रिप्टो एक्सचेंज ग्राहकों के सौदे पूरे करने के लिए अक्सर विदेशों की कंपनियों और एक्सचेंजों की मदद लेते हैं। इसके लिए विदेशों में पैसा भेजा जाता है और क्रिप्टो खरीदी जाती है। लेकिन विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (फेमा) में ऐसे लेनदेन को लेकर स्पष्ट नियम नहीं हैं। इसी वजह से अब इन सौदों पर कानूनी सवाल उठ रहे हैं। यदि क्रिप्टा को मुद्रा का दर्जा दिया जाता है, तो निगरानी भी बढ़ेगी।
विदेशी लेनदेन पर सवाल
भारतीय एक्सचेंज विदेशों से क्रिप्टो खरीदने और सौदों का निपटान करने के लिए धन भेजते हैं। इसकी कानूनी स्थिति स्पष्ट नहीं होने से ईडी की जांच का दायरा बढ़ सकता है।
फेमा में स्पष्टता की मांग
उद्योग चाहता है कि सरकार क्रिप्टो परिसंपत्तियों को फेमा के तहत स्पष्ट कानूनी श्रेणी में रखे और विदेशों से क्रिप्टो खरीदने के लिए वैध रास्ता बनाए।


