Beaver Moon : देश में आज आसमान में अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। चांद आज धरती के सबसे करीब आने वाला है। नवंबर माह से शुरू हो रही सुपरमून शृंखला के पहले सुपरमून यानी बीवर मून का आकर्षण मंगलवार की रात दिखेगा। यह विशेष खगोलीय दृश्य इस माह की पूर्णिमा यानी फुल मून का होगा। इस दौरान रात 8:23 बजे पूर्ण प्रकाशित चंद्रमा (करीब 100%) अपने शबाब पर होगा, जिसे पूर्वी आकाश में नग्न आंखों से भी देखा जा सकता है।
दूरबीन या बाइनोकुलर की मदद से चंद्रमा के क्रेटर्स का खूबसूरत दृश्य भी स्पष्ट दिखाई देगा। इसके बाद अगले महीने क्रिसमस की संध्या और जनवरी 2027 में इससे भी बड़े और नजदीकी सुपरमून दिखाई देने वाले हैं।
वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला गोरखपुर के खगोलविद् अमर पाल सिंह ने बताया कि 23 और 25 नवंबर की रात को भी चांद लगभग पूर्ण दिखाई देगा। इस दौरान चांद आम पूर्णिमा की अपेक्षा बड़ा और अधिक चमकदार नजर आने वाला है। साथ ही, चंद्रोदय पर इसके बड़े आकार और खूबसूरत नारंगी रंग का दीदार होगा। इस दिन चंद्रमा वृषभ तारामंडल की दिशा में कृत्तिका नक्षत्र के काफी करीब होगा। खगोलविद् ने बताया कि सुपरमून के दौरान पूर्णिमा का चंद्रमा अपनी अंडाकार कक्षा में पृथ्वी के सबसे नजदीकी बिंदु यानी पेरिगी के 90% दायरे में होता है।
निकटता के कारण सामान्य पूर्णिमा से अधिक चमकीला होगा चांद
अमर पाल सिंह ने बताया कि 24 नवंबर को पूर्णिमा के सटीक समय पर चंद्रमा पृथ्वी से लगभग 3,60,765 किलोमीटर दूर होगा, जबकि इसकी औसत दूरी 3,84,400 किलोमीटर होती है। यह अगले दिन यानी 25 नवंबर को सबसे नजदीकी बिंदु पर पहुंचेगा।
निकटता के कारण यह सामान्य पूर्णिमा की तुलना में लगभग 7% से 8% बड़ा और 15% से 16% अधिक चमकीला दिखाई दे सकता है। वहीं, साल के सबसे छोटे फुल मून यानी माइक्रोमून की तुलना में 14% बड़ा और 30% अधिक चमकीला होगा।
फ्रॉस्ट मून के नाम से भी प्रचलित
खगोलविद् के अनुसार, नवंबर की पूर्णिमा को पारंपरिक रूप से बीवर मून कहा जाता है। उत्तरी अमेरिका की प्राचीन परंपराओं के अनुसार, साल में इस समय ऊदबिलाव सर्दियों की कड़ाके की ठंड शुरू होने से पहले अपने बांध बनाने व भोजन जमा करने का काम पूरा करते हैं। यह फ्रॉस्ट मून के नाम से भी प्रचलित है।


