Ayodhya Dham Railway Station : देश के प्रमुख धार्मिक स्थल अयोध्या धाम की सरकार द्वारा कनेक्टिविटी का विस्तार किया है। जहां पर देश के अलग-अलग राज्यों से जाने वाले श्रद्धालुओं की सीधी सुविधा मिलेगी।
अयोध्या धाम में रेल लाइन के नई दोहरीकरण और विद्युतीकरण से लेकर आधुनिक रेलवे स्टेशनों के निर्माण, ट्रेनों के संचालन और विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव की सुविधा तक कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। इन प्रयासों से अयोध्या की रेल कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है।
भाजपा सरकार बनने के बाद वर्ष 2014 और 2019 के अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने अयोध्या की रेल सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए लगातार रेल मंत्रालय से संपर्क और समन्वय बनाए रखा। बाराबंकी-अयोध्या-जौनपुर रेलखंड पर लगभग 238 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य रेल यातायात की क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम रहा है। विद्युतीकरण भी किया गया।
धाम और कैंट स्टेशन का आधुनिकीकरण
अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का प्रथम चरण में 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुनर्विकास किया गया। तीन मंजिला आधुनिक भवन के साथ लिफ्ट, एस्केलेटर, प्रतीक्षालय, फूड प्लाजा, क्लॉक रूम, चाइल्ड केयर रूम, यात्री सूचना प्रणाली, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, पार्किंग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट विकसित किए गए। 120 करोड़ रुपये की लागत से 128 मीटर लंबा एयर कॉनकोर्स भी बनाया गया है।


