Ayodhya Janakpur Train : भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर के बीच अब सीधी रेल कनेक्टिविटी होने जा रही है। भारत-नेपाल मैत्री रेल सेवा के तहत चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस श्रद्धालुओं, पर्यटकों और सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आ रही है।
अब अयोध्या से जनकपुर जाने के लिए गोरखपुर, नरकटियागंज या रक्सौल में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी। यात्री एक ही ट्रेन से करीब 19 घंटे में 604 किलोमीटर की दूरी तय कर सकेंगे। रेलवे ने ट्रेन का टाइम-टेबल, ठहराव और कोच संरचना जारी कर दी है। नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू करने की तैयारी है। सोमवार को अयोध्याा धाम से रवाना की गई ट्रेन में सभी यात्री पास धारक थे। शनिवार को यही ट्रेन वापस अयोध्याा धाम आएगी। एक दो दिनों में इसका किराया निर्धारित कर दिया जाएगा। जिसके बाद श्रद्धालु इसमें आरक्षण लेकर यात्रा कर सकेंगे।
ट्रेन अयोध्या कैंट से चलकर अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए जनकपुर धाम पहुंचेगी। इस तरह कुल 12 स्टेशनों पर इसका ठहराव निर्धारित किया गया है। जयनगर में लगभग दो घंटे का ठहराव रहेगा। यहां से नेपाल रेलवे का रूट शुरू होता है।


