Public Distribution System : सरकार ने राशन वितरण करने वाले राशन डिपो धारकों को बड़ी राहत दी है। अब राशन वितरण के बाद उनको ज्यादा कमाई होने वाली है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने और राशन वितरण में होने वाली अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं रसद विभाग ने दोहरी पहल की है। शासन ने उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। यूपी सरकार द्वारा यह फैसला लिया गया। मैनपुरी जिले की सभी सरकारी राशन दुकानों को आधुनिक ई-पॉस मशीनों से जोड़ने की तैयारी है।
इन मशीनों में उपभोक्ता प्रतिक्रिया दर्ज करने की सुविधा भी होगी। यानी अब राशन लेने के बाद कार्डधारक केवल खाद्यान्न ही नहीं तौलेंगे, बल्कि कोटेदार के व्यवहार, राशन के वजन और गुणवत्ता पर अपनी राय भी सीधे मशीन के माध्यम से दर्ज करा सकेंगे। नई व्यवस्था से जहां राशन विक्रेताओं को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं वितरण प्रक्रिया में उनकी जवाबदेही भी तय होगी।
जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली का बड़ा नेटवर्क है। यहां कुल 770 उचित दर दुकानें संचालित हैं। इनमें 673 ग्रामीण और 97 शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं। लाभांश में प्रति क्विंटल 35 रुपये की बढ़ोतरी से सभी राशन विक्रेताओं की आमदनी में इजाफा होगा।
मुख्यालय तक पहुंचेगी शिकायत, होगी कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, ई-पॉश मशीनों पर दर्ज फीडबैक सीधे लखनऊ स्थित मुख्यालय के केंद्रीय सर्वर तक पहुंचेगा। इससे जिले की राशन दुकानों के कामकाज पर निगरानी रखना आसान होगा। किसी दुकान के संबंध में लगातार प्रतिकूल प्रतिक्रियाएं या शिकायतें मिलने पर संबंधित विक्रेता की जांच कराई जा सकेगी। अनियमितता की पुष्टि होने पर निलंबन से लेकर लाइसेंस निरस्त करने तक की कार्रवाई की जाएगी। कुसमरा, करहल, किशनी, भोगांव और घिरोर समेत जिले के सभी क्षेत्रों में यह व्यवस्था राशन वितरण को जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।
अंगूठा लगाते ही खुलेगा फीडबैक का विकल्प
नई ई-पॉश मशीनों की खासियत उनका कस्टमर फीडबैक सिस्टम होगा। इन्हें इलेक्ट्रॉनिक कांटों से जोड़ा जाएगा, जिससे राशन तौलने की प्रक्रिया अधिक सटीक हो सकेगी। लाभार्थी के अंगूठे का निशान या आईरिस स्कैन लेकर पहचान सत्यापित की जाएगी। इसके बाद मशीन की स्क्रीन पर प्रतिक्रिया दर्ज करने का विकल्प आएगा। कार्डधारक स्माइली या रेटिंग के माध्यम से बता सकेंगे कि उन्हें निर्धारित मात्रा में राशन मिला या नहीं, खाद्यान्न की गुणवत्ता कैसी रही और कोटेदार का व्यवहार कैसा था। इस तरह वितरण प्रक्रिया में उपभोक्ता की प्रतिक्रिया भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
200 क्विंटल खाद्यान्न वितरण पर अब 25 हजार
उदाहरण के तौर पर, प्रतिमाह 200 क्विंटल खाद्यान्न वितरित करने वाले कोटेदार को पहले 18 हजार रुपये लाभांश मिलता था, जो अब बढ़कर 25 हजार रुपये हो जाएगा। इस तरह उसे हर महीने सात हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। राशन विक्रेता संगठनों ने शासन के इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि बढ़ी हुई धनराशि से दुकान के संचालन, रखरखाव और सहायकों के मानदेय का खर्च निकालने में मदद मिलेगी।