Urban Development Haryana : हरियाणा सरकार द्वारा पयर्टन स्थलों को विकसित करने का काम किया जा रहा है। गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड स्थित सरस्वती कुंज कॉलोनी के बीच विकसित वजीराबाद तालाब को पयर्टनस्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है। सोमवार को शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने जीएमडीए, एचएसवीपी अधिकारियों के साथ तालाब का निरीक्षण किया।
मौजूदा समय में यह तालाब करीब 10 एकड़ में फैला हुआ है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के रिकॉर्ड के मुताबिक इस तालाब की जमीन करीब 25 से 30 एकड़ के बीच में है। सोमवार को शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान एचएसवीपी के संपदा अधिकारी राकेश सैनी, जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता विक्रम सिंह मौजूद रहे। ढेसी ने आदेश जारी किए कि इस तालाब में आसपास लगते क्षेत्रों से बारिश का पानी एकत्रित किया जाए। इससे बारिश में जलभराव की दिक्कत नहीं बनेगी। भूजलस्तर ऊपर उठेगा।
बता दें कि मानसून में मिलेनियम सिटी की सड़कों पर भारी जलभराव को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैन ने नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने आदेश जारी किए थे कि पानी निकासी की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
जीएमडीए की नई योजना के मुताबिक इस तालाब में सेक्टर-26, 26ए, 27, 28, 42, 43, 53 और 54 के अलावा गांव चकरपुर, सिकंदरपुर और वजीराबाद से बारिश का सारा पानी भेजा जाएगा। अभी इस तालाब में सेक्टर-53, 54, वजीराबाद का पानी आता है। चकरपुर गांव से निकल रहे बरसाती नाले को इस तालाब से जोड़ा जाएगा।
मौजूदा समय में इस तालाब के चारों तरफ जीएमडीए ने सीएसआर के तहत जोगिंग ट्रैक का निर्माण किया हुआ है, लेकिन तालाब में गंदा पानी जमा है। जीएमडीए की योजना है कि इस तालाब में गंदा पानी डलने से रोका जाएगा। इसमें नाव चलाने का बंदोबस्त किया जाएगा।
40 फीट तक खोदकर पानी निकाला जाएगा
जीएमडीए के अतिरिक्त सीईओ मोहम्मद इमरान रजा ने भी पिछले सप्ताह इस तालाब का निरीक्षण किया था। मौजूदा समय में यह तालाब करीब 13 फीट गहरा है। इस तालाब को 40 फीट गहरा खोदा जाएगा। इसको लेकर तालाब से पानी निकालने का काम शुरू कर दिया है। अगले दो से तीन महीने के अंदर सारा पानी निकाल दिया जाएगा। इसके बाद इस तालाब को सूखाकर इसकी खुदाई शुरू की जाएगी। अगले एक सप्ताह में पैमाइश हो जाएगी।


