Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हरियाणा में प्रापर्टी खरीद-बिक्री होगी आसान, सरकार ने रजिस्ट्री प्रक्रिया में किया बड़ा बदलाव

हरियाणा में प्रापर्टी खरीद-बिक्री होगी आसान, सरकार ने रजिस्ट्री प्रक्रिया में किया बड़ा बदलाव

Haryana Property Registry : हरियाणा सरकार ने अब प्रापर्टी खरीद व बिक्री के नियमों को आसान बना दिया है। पहले लाखों लोग प्रापर्टी आइडी नहीं बनने के चक्कर में रजिस्ट्री नहीं करवा पाते थे, लेकिन हरियाणा सरकार ने शहरी क्षेत्रों में संपत्ति की खरीद-फरोख्त और पंजीकरण (रजिस्ट्री) की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए आम नागरिकों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने प्रॉपर्टी आईडी में संपत्ति के वैध या अवैध होने की जांच की जिम्मेदारी शहरी स्थानीय निकायों से हटाकर सीधे तहसीलों को सौंपने का बड़ा फैसला लिया है।

इस नई व्यवस्था के लागू होने से अब लोगों को प्रॉपर्टी आईडी में लगे अवैध या अनियमित टैग को हटवाने और रजिस्ट्री के लिए नगर निगम, नगर परिषद या नगरपालिका कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बता दें कि अब तक लागू नियमों के तहत किसी भी मकान या संपत्ति के पंजीकरण के लिए नगर निगम की एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) अनिवार्य थी, जिसके आधार पर ही तहसील में रजिस्ट्री होती थी।

प्रॉपर्टी आईडी में अनियमित या अवैध दर्ज होने के कारण हजारों लोगों की रजिस्ट्रियां अटकी रहती थीं और उन्हें दफ्तरों में भटकना पड़ता था। नए आदेशों के मुताबिक, अब नगर निगम, नगर परिषद और नगरपालिकाएं केवल संपत्ति पर बकाया संपत्तिकर और अन्य विभागीय देनदारियों की जांच कर एनओसी जारी करेंगी।

संपत्ति या संबंधित कॉलोनी नियमित है अथवा अवैध, इसकी जांच करने का अधिकार और जिम्मेदारी अब पंजीकरण के समय सीधे तहसीलदार के पास होगी। प्रशासनिक व्यवस्था में किए गए इस बदलाव के साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि नगर निगम सीमा क्षेत्र में बने सभी मकान मालिकों को संपत्तिकर जमा कराना होगा।

टैक्स और अन्य बकाया राशि का भुगतान करने पर निकाय की ओर से बिना किसी अड़चन के टैक्स एनओसी जारी कर दी जाएगी। सरकार के इस निर्णय से गुरुग्राम सहित प्रदेशभर के लाखों संपत्ति मालिकों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल रजिस्ट्री की प्रक्रिया में होने वाली अनावश्यक देरी और भ्रष्टाचार की शिकायतों पर अंकुश लगेगा, बल्कि शहरी निकायों के राजस्व में भी पारदर्शिता और तेजी आने की उम्मीद है। निगम के अधिकारी ने बताया कि निगम पोर्टल से अवैध और नियमित का विकल्प समाप्त हो गया है।