Noida Driving Training Centre : सेक्टर-151 में नोएडा का पहला और जिले का तीसरा मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र अगले साल जनवरी में शुरू होगा। इसके शुरू होने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के परीचौक के आसपास रहने वाले लोगों को वाहन चलाने का प्रशिक्षण लेने और स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में सुविधा मिलेगी।
अभी जिले में दादरी क्षेत्र में दो मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। नए केंद्र के शुरू होने से लोगों को ड्राइविंग परीक्षा और प्रशिक्षण के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। परिवहन विभाग के अनुसार, सेक्टर-151 स्थित एएसएलरेट प्राइवेट लिमिटेड मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यहां जरूरी मशीनें भी लगाई जा चुकी हैं।
फिलहाल केंद्र शुरू करने से पहले आवश्यक प्रमाण पत्र और औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। एआरटीओ नंदकुमार ने बताया कि केंद्र जनवरी तक शुरू हो जाएगा। कंपनी की ओर से निर्माण और अन्य प्रक्रियाओं में देरी के कारण इसे निर्धारित समय पर शुरू नहीं किया जा सका। जिले में पहले से दादरी के बिसाहड़ा रोड स्थित शिवम मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर और जीटी रोड बाईपास-जारचा रोड स्थित वाईबी बिल्डर्स ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं परीक्षण केंद्र संचालित हैं।
नए केंद्र में आधुनिक टेस्ट ट्रैक, सिमुलेटर, सड़क संकेतों की जानकारी और सेंसर आधारित स्वचालित परीक्षण व्यवस्था उपलब्ध होगी। स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदकों को निर्धारित ट्रैक पर वाहन चलाकर परीक्षा देनी होगी। परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार, परीक्षा में असफल होने पर निर्धारित प्रशिक्षण प्रक्रिया लागू होगी। नोएडा के सेक्टर-117 (सोरखा) में इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रेनिंग रिसर्च सेंटर प्रस्तावित था, लेकिन इसका निर्माण नहीं हो सका।
लंबी दूरी होने की वजह से परेशानी
नोएडा के निवासियों को स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस की परीक्षा के लिए 35 से 45 किलोमीटर दूर दादरी जाना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल आवेदकों को पहले दस्तावेज के लिए नोएडा स्थित एआरटीओ जाना पड़ता है, और फिर ड्राइविंग टेस्ट देने के लिए अलग से दादरी की यात्रा करनी पड़ती है, जिससे पूरा दिन बर्बाद होता है। नए केंद्रों का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण देना, ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया को व्यवस्थित करना और लाइसेंस के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी कम करना है।


