बाज़ार आए, पुष्कर की आत्मा न जाए
पुष्कर मेला: आस्था, ग्रामीण संस्कृति और अर्थव्यवस्था के संगम से आधुनिक बाज़ारवाद और बदलती पर्यटन संस्कृति की ओर
पुष्कर केवल एक मेला नहीं है। यह आस्था, लोकजीवन और सदियों पुरानी आध्यात्मिक परंपराओं का ऐसा संगम है, जिसकी जड़ें राजस्थान से आगे बढ़कर भारतीय सांस्कृतिक चेतना में गड़ी हुई हैं। इस समय जब कार्तिक का मेला अपने चरम पर है, तब यह प्रश्न और भी प्रासंगिक हो जाता है कि आधुनिक पर्यटन, रिसॉर्ट संस्कृति और बढ़ते व्यवसायीकरण के बीच पुष्कर अपनी मूल आत्मा को कितना बचा पा रहा है?
अरावली की गोद में बसा पुष्कर भारतीय तीर्थ परंपरा में विशिष्ट स्थान रखता है। इसे तीर्थराज कहा गया है। पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान ब्रह्मा के हाथ से कमल का पुष्प गिरने से इस पवित्र भूमि की उत्पत्ति हुई। ज्येष्ठ, मध्य और कनिष्ठ (बूढ़ा पुष्कर)—तीनों पुष्कर मिलकर एक व्यापक धार्मिक भू-दृश्य बनाते हैं। मुख्य पुष्कर में पवित्र सरोवर और ब्रह्मा मंदिर स्थित हैं। सरोवर के चारों ओर फैले बावन घाट आज भी अलग-अलग धार्मिक और सामाजिक परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं। कार्तिक पूर्णिमा का पंचतीर्थ स्नान, दीपदान, तर्पण और पूजा केवल अनुष्ठान नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही आस्था की निरंतरता के प्रतीक हैं।
ग्रामीण समाज के लिए पुष्कर का महत्व और भी गहरा है। मृत्यु के बाद अस्थि विसर्जन, तर्पण-पिंडदान और पितरों की शांति से जुड़ी परंपराओं के कारण यह अनेक परिवारों की धार्मिक स्मृतियों का स्थायी हिस्सा बन गया है। गुर्जर, जाट, राजपूत, मीणा, राइका-रेबारी समेत कई समुदाय पीढ़ियों से यहां आते रहे हैं। घाटों से जुड़े पुरोहितों के बही-खाते इस सामाजिक स्मृति को संजोए हुए हैं। पुष्कर को केवल पर्यटन स्थल मानना उसके वास्तविक महत्व को सीमित कर देना है।
यहां सिख विरासत भी जुड़ी हुई है। गुरु नानक देव जी और गुरु गोबिंद सिंह जी की यात्राओं से जुड़ी परंपराएं पुष्कर को धार्मिक संवाद और सह-अस्तित्व की विरासत से जोड़ती हैं। मंदिर, आश्रम, धर्मशालाएं और गुरुद्वारा मिलकर भारतीय धार्मिक बहुलता की तस्वीर पेश करते हैं।
इतिहास में पुष्कर मेला ग्रामीण अर्थव्यवस्था और लोक संस्कृति का बड़ा मंच भी रहा है। पशुपालक ऊंट और घोड़े लेकर आते थे। कालबेलिया, घूमर, कठपुतली और अन्य पारंपरिक कलाएं मेले को राजस्थान की जीवंत संस्कृति से जोड़ती रही हैं। यह केवल व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक संपर्क, पशुधन के लेन-देन और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का भी महत्वपूर्ण मंच था।
लेकिन समय के साथ चित्र बदला है। विदेशी पर्यटक आए, लग्जरी टेंट लगे, होटल, रिसॉर्ट और फार्म हाउस बढ़े। स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़े हैं—यह इसका सकारात्मक पक्ष है। लेकिन धीरे-धीरे एक नई चुनौती भी उभर रही है। जहां कभी मंदिर और आश्रम आध्यात्मिकता के प्रमुख केंद्र थे, वहीं अब रिसॉर्ट और फार्म हाउस विलासिता के नए केंद्र बनते जा रहे हैं। इस वर्ष के मेले के दौरान धार्मिक क्षेत्रों के आसपास व्यावसायिक गतिविधियां और पर्यटकों की भीड़ साफ दिखाई दे रही है। घाटों पर श्रद्धालुओं के साथ-साथ सेल्फी और रील बनाने वालों की संख्या भी बढ़ी है। आस्था कई स्थानों पर अब 'अनुभव' और 'कंटेंट' में तब्दील होती दिख रही है।
इसके साथ ही सरोवर पर पर्यावरणीय दबाव भी बढ़ रहा है। मेले के दौरान स्वच्छता और जल गुणवत्ता की चुनौती और गंभीर हो जाती है। आस्था की रक्षा तभी संभव है, जब सरोवर और घाट भौतिक रूप से भी संरक्षित रहें। घाटों पर तर्पण और पूजा के नाम पर व्यावसायिक गतिविधियों का बढ़ना भी चिंता का विषय है। जब श्रद्धा पैकेज में बिकने लगे, तब उसकी पवित्रता प्रभावित होने का खतरा बढ़ जाता है।
स्थानीय युवाओं की आजीविका और व्यवसायों की दिशा भी बदल रही है। पारंपरिक व्यवसायों की तुलना में पर्यटन और होटल क्षेत्र की ओर आकर्षण बढ़ रहा है। रोजगार के नए अवसरों का स्वागत होना चाहिए, लेकिन पारंपरिक ज्ञान, हुनर और सांस्कृतिक विरासत से दूरी बढ़ना चिंता का विषय है। यदि यही प्रवृत्ति जारी रही, तो आने वाले वर्षों में पुष्कर की सांस्कृतिक निरंतरता स्वयं स्थानीय समाज के हाथों कमजोर पड़ सकती है।
विकास का विरोध समाधान नहीं है। सुविधाएं बढ़नी चाहिए, रोजगार मिलना चाहिए और पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलना चाहिए। लेकिन विकास की दिशा ऐसी होनी चाहिए कि वह आस्था और संस्कृति को निगलने के बजाय उन्हें सहारा दे। कई धार्मिक स्थलों पर मुख्य धार्मिक क्षेत्र और पर्यटन गतिविधियों के लिए अलग-अलग क्षेत्र निर्धारित करने की व्यवस्था अपनाई गई है। पुष्कर में भी ऐसी स्पष्ट व्यवस्था की जरूरत है।
सरकार और प्रशासन से अपेक्षा है कि पुष्कर सरोवर तथा आसपास के प्रमुख धार्मिक क्षेत्रों को विशेष संरक्षण क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए और धार्मिक क्षेत्र तथा पर्यटन क्षेत्र के बीच स्पष्ट मर्यादा तय की जाए। मेले के दौरान व्यावसायिक टेंट, रिसॉर्ट तथा मनोरंजन और भीड़भाड़ वाली गतिविधियों की दूरी एवं सीमा निर्धारित की जानी चाहिए। स्थानीय पशुपालकों और पारंपरिक कारीगरों के लिए आरक्षित स्थान तथा सीधे बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। साथ ही सरोवर की जल गुणवत्ता और घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्थायी और प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए। पुष्कर को केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक जीवित सांस्कृतिक धरोहर के रूप में देखा जाना चाहिए।
समाज से भी अपील है कि स्थानीय लोग और व्यापारी यह समझें कि पुष्कर की असली पूंजी उसकी आस्था, घाटों की शांति और ग्रामीण स्मृति है। यदि हम केवल तात्कालिक लाभ के लिए उसकी मूल पहचान से समझौता करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियां यहां केवल चमकदार इमारतें और व्यावसायिक गतिविधियां ही देखेंगी, उस सांस्कृतिक विरासत को नहीं, जिसने पुष्कर को विशिष्ट पहचान दी है।
पुष्कर आज इतिहास और आधुनिकता के बीच खड़ा है। एक ओर सरोवर के घाटों पर दीपों की कतार और पितरों के प्रति श्रद्धा है, तो दूसरी ओर लग्जरी टेंट और वैश्विक पर्यटन की चमक। इन दोनों के बीच संघर्ष जरूरी नहीं है। जरूरत केवल संतुलन और संवेदनशील नियोजन की है।
बाज़ार आए, पर्यटक आएं, विकास हो—लेकिन पुष्कर की आत्मा न जाए। क्योंकि पुष्कर की असली सुंदरता उसके सरोवर की शांति में है, उसकी आस्था में है और सदियों से चली आ रही उसकी सांस्कृतिक स्मृति में है।
लेखक:- सूबेदार/शिक्षक अनिल कुमार (सेवानिवृत्त) सेना शिक्षा कोर