Haryana Vita Sawamani Prasad : हरियाणा का दूध, घी, मक्खन, पनीर का मुख्य सरकारी ब्रांड वीटा द्वारा नई सुविधा शुरू की जा रही है। अब लोगों की शुद्ध मिठाई खाने को मिलेगी। सालासर बालाजी और खाटूश्याम बाबा के भक्तों के लिए सवामणी का शुद्ध प्रसाद तैयार करवाने के लिए अलग-अलग जगहों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
वीटा मिल्क प्लांट की ओर से भक्तों की मांग को देखते हुए सवामणी का प्रसाद तैयार करवाकर उपलब्ध करवाने की योजना बनाई गई है। जहां पर प्रदेशभर में वीटा द्वारा इस सुविधा की शुरुआत की जाएगी। खास बात यह है कि यह प्रसाद बाजार से कम कीमत पर मिलेगा और विशेष पैकिंग के कारण 15 दिनों तक खराब नहीं होगा।
इसे वीटा के उत्पादों में भी शामिल किया जाएगा। जिले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सालासर धाम और सिरसा स्थित श्री सालासर धाम मंदिर में सवामणी करवाते हैं। इसमें बाबा को भोग लगाने के लिए शुद्ध प्रसाद तैयार करवाया जाता है। श्रद्धालुओं की इसी मांग को देखते हुए वीटा मिल्क प्लांट प्रबंधन ने यह पहल करने की तैयारी की है।
प्लांट के मार्केटिंग मैनेजर कृष्ण बंसल के अनुसार सीईओ दिनेश कुमार के साथ सहमति बनने के बाद प्रसाद तैयार करवाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसमें शुद्धता के साथ गुणवत्ता और पैकिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
5 प्रमुख स्थानों पर खुलेंगे मिल्क पार्लर
सिरसा शहर में जिला नागरिक अस्पताल की तर्ज पर 5 प्रमुख स्थानों पर वीटा मिल्क पार्लर खोलने की भी तैयारी है। इनमें मुख्य पोस्ट ऑफिस के पास की साइट भी शामिल है। इन पार्लरों में दूध, दही, पनीर, घी सहित वीटा के अन्य उत्पाद उपलब्ध होंगे। इससे शहरवासियों और सार्वजनिक स्थलों पर आने वाले लोगों को आसानी से उत्पाद मिल सकेंगे। मुख्य पोस्ट ऑफिस के पास पार्लर खुलने से वहां कूड़ा डंपिंग प्वाइंट की समस्या से भी निजात मिलने की उम्मीद है।
बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
वीटा मिल्क प्लांट की इस योजना का उद्देश्य शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उत्पादों की पहुंच बढ़ाना है। नए बूथ स्थापित होने से उपभोक्ताओं को दूध और अन्य उत्पाद खरीदने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं बूथ संचालन के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। सवामणी प्रसाद को वीटा उत्पादों में शामिल करने से श्रद्धालुओं को भी एक नई सुविधा मिलेगी।
96 नए बूथों से उपभोक्ताओं तक बढ़ेगी उत्पादों की पहुंच
वीटा के दूध और अन्य उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए बूथ नेटवर्क का भी विस्तार किया जा रहा है। जिले में पहले से 46 वीटा बूथ स्थापित हैं। अब 96 नए बूथ स्थापित करने की योजना है। इनमें से 56 बूथों पर काम शुरू हो चुका है, जबकि 40 स्थानों पर विभिन्न विभागों से जगह की मंजूरी मिलने का इंतजार है। बूथ स्थापित करने के लिए विभागों को केवल जगह उपलब्ध करवानी होगी। बूथ और उत्पादों की व्यवस्था प्लांट प्रबंधन की ओर से की जाएगी।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।