Hisar Road Development : हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के पुराने शहरों को जाम मुक्त बनाने के लिए प्लान तैयार किया जा रहा है। प्रदेश के पुराने शहरों में शामिल हिसार में नया ट्रैफिक कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके तहत जिन जगहों पर ज्यादा जाम रहता है, वहां पर नए चौक बनाए जाएंगे। हिसार के तुलसी चौक के कायाकल्प के बाद अब लोक निर्माण विभाग ने जिंदल चौक और दिल्ली रोड पर अर्बन एस्टेट रोड के सामने वाले तिराहे को जाम-मुक्त करने का खाका तैयार कर लिया है।
इस प्रोजेक्ट के तहत यहां दो नए चौक बनाए जाएंगे। इससे वाहन चालकों को राहत मिलेगी। बीएंडआर अर्बन एस्टेट टू स्थित एक स्वीट्स शॉप के पास स्लिप रोड और चौक बनाएगा। यहां पास बनाए जाने वाले इस प्रोजेक्ट का बीएंडआर ने एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेज दिया है।
सड़क चौड़ी होने से आवागमन होगा आसान
जिंदल चौक और अर्बन एस्टेट टू रोड के सामने वाले पॉइंट शहर के सबसे व्यस्ततम हिस्सों में से एक हैं। पीक - आवर्स में यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। ग्रीन बेल्ट की जगह का सदुपयोग कर सड़क चौड़ी होने और व्यवस्थित चौक बनने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आवागमन सुगम हो सकेगा। सभी तरह की फाइनल अप्रूवल मिलने के बाद पहले जिंदल चौक और फिर अर्बन एस्टेट के सामने चौक को बनाया जाएगा।
इस तरह होगा प्रोजेक्ट पर काम
किस पर कितना खर्च बीएंडआर विभाग ने शहर के इन दोनों प्रमुख पॉइंट्स के लिए अलग-अलग बजट और एस्टीमेट तैयार किए हैं।
अर्बन एस्टेट-टू रोड के सामने का चौक
यहां नया चौक बनाने और सड़क को चौड़ा करने के लिए करीब 4.30 करोड़ रुपए का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इसे पिछले सप्ताह ही प्रशासनिक स्वीकृति के लिए सरकार के पास भेज दिया गया है।
जिंदल चौक का सुधार
जिंदल चौक की री-डिजाइनिंग और सुधार कार्य के लिए विभाग ने 3.86 लाख रुपए का एस्टीमेट तैयार कर लिया है। काम शुरू होने से पहले बीएंडआर ने निर्माण में आने वाली दो बाधाओं को दूर करने की प्रक्रिया तेज की बीएंडआर के अधिकारियों के अनुसार, धरातल पर काम शुरू करने से पहले दो मुख्य बाधाओं को दूर करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बिजली की लाइनें होंगी शिफ्ट बिजली निगम को अगले 7 से 15 दिन के भीतर मौके का सर्वे कर बिजली के खंभों और लाइनों को शिफ्ट करने का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
वन विभाग की मंजूरी और पेड़ों की कटाई: सड़क को चौड़ा करने और दो नए चौक विकसित करने के लिए ग्रीन बेल्ट के कुछ हिस्से को हटाया जाएगा। इसके दायरे में आने वाले करीब 50 पेड़ों को हटाने के लिए वन विभाग की ओर से प्रथम स्टेज की अप्रूवल मिल चुकी है।
मंत्री ने सर्वे कर एस्टीमेट भेजने को निर्देश दिए : एसई
बीएंडआर एसई अजीत सिंह ने कहा कि हाल ही में हुई बैठक में मंत्री रणबीर गंगवा ने बिजली निगम को सर्वे करके 15 दिन के भीतर एस्टीमेट तैयार कर सबमिट करने के निर्देश दिए हैं। जैसे ही एस्टीमेट तैयार होगा इसे मुख्यालय भेज दिया जाएगा। जल्द ही इस दिशा में फिर काम शुरू हो जाएगा, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके।