Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

सरसों के बढ़े भाव का असर, बाजार में तेल 220 रुपये पति लीटर तक पहुंचा

सरसों के बढ़े भाव का असर, बाजार में तेल 220 रुपये पति लीटर तक पहुंचा

Sarson Oil Price : महंगाई से जूझ रहे परिवारों के रसोई बजट पर सरसों के तेल की बढ़ती कीमतों ने दबाव बढ़ा दिया है। रोजाना भोजन में इस्तेमाल होने वाला यह तेल खुदरा बाजार में 220 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। ब्रांड, गुणवत्ता और बिक्री स्थान के अनुसार भाव में अंतर है, लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों की चिंता बढ़ रही है। मंडियों में सरसों के भाव में उछाल को तेल महंगा होने का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

सरसों के दाम बढ़ने से तेल मिलों की खरीद लागत भी बढ़ी है। सीमित आवक, पुरानी फसल के स्टॉक की स्थिति और आगामी नई फसल को लेकर बनी चिंताओं का असर भी कीमतों पर दिख रहा है। कच्चा माल महंगे दाम पर खरीदने का सीधा असर तैयार तेल के भाव पर पड़ रहा है।

कार्डधारकों को किस शर्त पर कितने रुपये लीटर मिल रहा तेल

जिले में 1,26,467 उपभोक्ताओं को सरकारी राशन डिपो के माध्यम से रियायती दर पर सरसो तेल दिया जा रहा है। व्यवस्था के तहत दो सदस्यों वाले परिवार को 15 रुपये में आधा लीटर, तीन से छह सदस्यों वाले परिवार को 30 रुपये में एक लीटर और इससे अधिक सदस्यों वाले परिवार को 45 रुपये में डेढ़ लीटर तेल उपलब्ध कराया जा रहा है।

किसानों को भी मिल रहा अच्छा भाव

जिन किसानों ने अपनी सरसों पहले नहीं बेची थी, उन्हें बढ़े हुए दामों का लाभ मिल रहा है और उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त हो रहा है। दूसरी ओर, आम उपभोक्ताओं को महंगा तेल खरीदना पड़ रहा है। सीमित आय वाले परिवारों के लिए रसोई का खर्च संभालना कठिन हो रहा है और बढ़ती कीमतों के चलते कुछ परिवारों को अपने खर्च में कटौती करनी पड़ रही है। देश में खाद्य तेलों की मांग का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा होता है।

पाम, सोयाबीन और सूरजमुखी तेल के अंतरराष्ट्रीय भाव, रुपये की विनिमय दर और आयात लागत का असर घरेलू बाजार पर पड़ता है। सरसों तेल की कीमत मुख्य रूप से घरेलू सरसों की उपलब्धता और खरीद लागत से प्रभावित होती है, लेकिन अन्य खाद्य तेलों के भाव भी बाजार की प्रतिस्पर्धा और उपभोक्ताओं के विकल्प तय करते हैं। इस कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार की तेजी का अप्रत्यक्ष असर सरसों तेल पर भी पड़ता है।

डिपो पर पहुंची तेल की बोतलें

योजना के तहत जिले के राशन डिपो पर एक लीटर की 99,478 और आधा लीटर की 30,732 बोतले पहुंची है। बाजार में बढ़ती कीमतो के बीच यह तेल पात्र परिवारों को बड़ी राहत दे रहा है। लोगों को उम्मीद है कि नई सरसों की फसल आने पर आवक बढ़ेगी और कीमतों में कुछ राहत मिलेगी।

झज्जर डीएफएसओ आदित्य कौशिक ने बताया कि उपभोक्ताओं को सरसों का तेल वितरित किया जा रहा है। अक्टूबर का तेल जिले के डिपुओं पर पहुंच चुका है और वितरण भी शुरू कर दिया गया है।