Mustard Market Price : सरसों के भाव लगातार नया रिकार्ड बनाते जा रहे है। जहां पर सरसों के भाव हर दिन उछल रहे है। पांच माह पहले जिस सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6200 रुपये प्रति क्विंटल था, उसी सरसों के भाव अब प्राइवेट बाजार में 42 लैब सरसों का भाव 11 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। बीते पांच माह में इसके दाम करीव 4800 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ चुके हैं। अनाज व्यापारियों की मानें तो सरसों के भाव में इतनी तेजी पहले कभी देखने को नहीं मिली।
रविवार को सुबह 42 लैब सरसों का भाव 11 हजार रुपये प्रति क्विंटल से भी ऊपर पहुंच गया था और मिलों में 42 लैब सरसों 11 हजार 111 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी। हालांकि शाम के समय इसमें गिरावट आई और भाव करीब 10 हजार 500 रुपये प्रति क्विंटल रह गया।
इसके बाद सोमवार को एक बार फिर बाजार में तेजी देखने को मिली और यह भाव करीब 10 हजार 800 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए। सरसों की गुणवत्ता और उसमें तेल की मात्रा के अनुसार किसानों को अलग-अलग भाव मिल रहे हैं। भाव में लगातार तेजी के चलते अव मंडियों में सरसों की आवक भी बढ़ने लगी है। मंडी परिसर में जगह-जगह सरसों की ढेरियां दिखाई देने लगी हैं। बीते अप्रैल और मई माह में सरसों की सरकारी खरीद का सीजन था।
उस दौरान सरकार की ओर से सरसों का एमएसपी 6200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था। हालांकि बाजार में प्राइवेट खरीद के भाव एमएसपी से अधिक रहने के कारण सरकारी खरीद अपेक्षाकृत कम हुई थी। किसानों को उम्मीद थी कि आने वाले समय में सरसों के भाव में और तेजी आ सकती है। इसी संभावना को देखते हुए काफी किसानों ने अपनी फसल मंडियों में बेचने की बजाय घरों में स्टाक कर ली थी।
जिले में 1.70 लाख एकड़ में हुई थी सरसों की बिजाई
चरखी दादरी जिला कृषि बाहुल्य क्षेत्र है। जिले में करीब 2 लाख 73 हजार एकड़ भूमि पर खेती की जाती है। पिछले रबी सीजन के दौरान जिले में लगभग 1 लाख 70 हजार एकड़ में सरसों की बिजाई हुई थी। सरसों जिले की प्रमुख नकदी फसलों में शामिल है और हजारों किसान इसकी खेती पर निर्भर हैं। इसके बावजूद पिछले खरीद सीजन में सरकारी खरीद के आंकड़े अपेक्षाकृत कम रहे थे। इसकी एक बड़ी वजह बाजार में बेहतर भाव मिलने की उम्मीद में किसानों द्वारा फसल का स्टाक करना भी रहा।
अब बाजार में तेजी आने के बाद ऐसे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। जिन्होंने अप्रैल-मई में 6200 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी के आसपास फसल बेचने की बजाय इंतजार किया था, उन्हें अब करीब 10 से 11 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा है। हालांकि यह भाव सरसों की गुणवत्ता और तेल की मात्रा के आधार पर तय हो रहा है।
पाम आयल की तेजी का सरसों के बाजार पर असर
व्यापारियों के अनुसार सरसों के भाव में तेजी आने के पीछे खाद्य तेल बाजार की परिस्थितियां अहम हैं। पाम आयल के दामों में उछाल आने से सरसों तेल के भाव पर भी इसका असर पड़ा है। जिसके चलते सरसों के दाम एकाएक बढ़ गए। किसानों का कहना है कि उनकी याद में सरसों का भाव कभी 10 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक भी नहीं पहुंचा था। इस बार नवंबर माह में इसके दाम 11 हजार रुपये प्रति क्विंटल के पार पहुंचना अपने आप में बड़ी बात है। वहीं, व्यापारियों का कहना है कि लगातार सरसों के भाव में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है और बाजार भाव रिकार्ड स्तर तक पहुंच चुका है।
स्टाक करने वाले किसान अब भी असमंजस में
जिन किसानों ने सरसों का स्टाक कर रखा है उनमें से कुछ किसान तो सरसों के भाव आठ हजार से अधिक पहुंचते ही बेचना शुरू कर दिया। लेकिन काफी किसान बचे हुए हैं जिन्होंने अभी तक अपनी फसल नहीं बेचे हैं। शनिवार के बाद रविवार को जिस प्रकार एकदम से सीधे एक हजार रुपये प्रति क्विंटल का भाव बढ़ा उसके बाद से किसान असमंजस में है कि इतना अधिक भाव होने के बावजूद भी वे फसल बेचे या ना बेचे।
एक ओर जिस प्रकार तेजी से भाव बढ़ रहे हैं उसमें और इजाफा होने की उम्मीद दिखाई दे रही है तो दूसरी ओर रिकार्ड स्तर पर पहुंच चुके भाव गिरावट होने पर हाथ से निकलने का डर सता रहा है। अनाज व्यापारी व विशेषज्ञ सभी सरसों के भाव को लेकर भविष्यवाणी करने से बच रहे हैं।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।