Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हरियाणा में ACB की बड़ी कार्रवाई, मकान पर कब्जा दिलाने के बदले 50 हजार रिश्वत लेते बेलिफ गिरफ्तार

हरियाणा में ACB की बड़ी कार्रवाई, मकान पर कब्जा दिलाने के बदले 50 हजार रिश्वत लेते बेलिफ गिरफ्तार

Anti Corruption Bureau Haryana : हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने पलवल से मकान पर कब्जा दिलाने की एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पलवल जिला न्यायालय में तैनात बेलिफ को रंगे हाथो पकड़ा है। एसीबी की टीम ने आरोपी को पलवल के आगरा चौक पर कार में रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया।

एंटी करप्शन ब्यूरो में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि वर्ष 2019 में उसने राधा कालोनी में गांव रामपुरा खोर निवासी हरिप्रमोद उर्फ प्रमोद दीक्षित से मकान खरीदने का एग्रीमेंट किया था, लेकिन बाद में विवाद होने पर मामला अदालत में चला गया था। जहां पर कोर्ट ने मकान की रजिस्ट्री करवाने व शिकायकर्ता को कब्जा दिलाने के आदेश दिए थे।

अदालत द्वारा मकान पर कब्जा दिलाने के लिए श्याम सुंदर को बेलिफ नियुक्त किया था। जब उसने बेलिफ श्यामसुंदर से संपर्क किया तो उसने कब्जा दिलाने की एवज में 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। जहां पर उसने 20 हजार रुपये आरोपी को पहले ही दे दिए और अब 50 हजार की डिमांड कर रहा है।

इस पर एसीबी की टीम ने छापामार दल का गठन किया और 50 हजार रुपये पर निशानी करके शिकायकर्ता को दे दिए। जब शिकायकर्ता ने उससे संपर्क किया तो बेलिफ श्याम सुंदर ने उसको आगरा चौक पर बुला लिया। जैसे ही उसने कार में बैठक श्यामसुंदर को 50 हजार रुपये की रिश्वत दी तो एसीबी की टीम ने दस्तक दे दी और बेलिफ श्यामसुंदर को पकड़ लिया।

जहां पर उसके कब्जे से रिश्वत लेते हुए 50 हजार रुपये बरामद कर लिए। जब उसके हाथ धुलाए तो उनका रंग बदल गया। एसीबी की टीम ने श्यामसुंदर के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।