Mustard Oil Rate : सरसों के तेल में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। तेल के भाव बढ़ने के साथ ही रसोई का बजट बिगड़ने लगा है, क्योंकि सरसों का तेल रसोई में प्रमुखता से प्रयोग होता है। सरसों तेल के दामों में लगातार तेजी से आम उपभोक्ताओं का बजट बिगड़ गया है। दिवाली से पहले 180 रुपए प्रति लीटर बिकने वाला सरसों तेल अब 210 रुपए तक पहुंच गया है।
महज 20 दिनों में प्रति लीटर 30 रुपए की बढ़ोतरी ने घरेलू रसोई के साथ होटल, ढाबा, नमकीन और मिठाई कारोबारियों की लागत भी बढ़ा दी है। बाजार में सरसों का स्टॉक कम होने और मंडियों में नई आवक घटने से कीमतों में उछाल आया है। राहत की बात फिलहाल इसलिए भी दूर नजर आ रही है, क्योंकि नई सरसों की फसल बाजार में आने में अभी तीन से चार महीने का समय है।
मंडियों में आवक कम तो चढ़े भाव
व्यापारियों के अनुसार सरसों का पुराना स्टॉक लगभग खत्म होने और मंडियों में आवक कम होने से तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ा है। इस बार प्रदेश में सरसों की पैदावार भी कम बताई जा रही है। बुवाई से पहले ही सरसों के भाव 10 हजार रुपए प्रति विंवटल तक पहुंच गए। समर्थन मूल्य पर खरीद के दौरान भी सरसों के दाम ऊंचे रहे। कच्चे माल की कीमत बढ़ने का सीधा असर तेल के बाजार पर पड़ा है।
नई फसल तक राहत के आसार
कम सरसों तेल की कीमतों में फिलहाल नरमी की उम्मीद कम है। नई सरसों की फसल आने में तीन से चार महीने का समय बाकी है। ऐसे में पुराना स्टॉक और मंडियों में होने वाली आवक ही बाजार की कीमतों को प्रभावित करेगी। खाद्य तेलों की घरेलू खपत के मुकाबले उत्पादन पर्याप्त नहीं होने से आपूर्ति के लिए आयात पर भी निर्भरता रहती है। प्रदेश में पीली और काली दोनों किस्मों की सरसों की बुवाई होती है। काली सरसों का उपयोग मुख्य रूप से तेल उत्पादन में किया जाता है।
होटल-ढाबों से लेकर मिठाई कारोबार तक बढ़ी लागत
सरसों तेल की महंगाई का असर केवल घरों की रसोई तक सीमित नहीं है। होटल और ढाबों में भोजन तैयार करने की लागत बढ़ रही है। वहीं नमकीन और मिठाई कारोबारियों के लिए भी उत्पादन खर्च बढ़ना चुनौतीबन गया है। तेल की कीमतों में इसी तरह तेजी जारी रही तो इसका असर तैयार खाद्य पदाथों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
दिवाली से पहले 180 रुपए था भाव, अब 210 रुपए लीटर पहुंचा।
20 दिन में 30 रुपए लीटर बढ़े सरसों तेल के दाम।
नई सरसों की फसल आने में तीन से चार माह का समय।
होटल-ढाबों से लेकर नमकीन और मिठाई कारोबार तक महंगाई की मार
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।