Rajasthan Farmers : राजस्थान के किसानों को पानी की समस्या ने चिंता में डाल दिया है। किसानों को पर्याप्ता पानी नहीं मिलने के चलते फसलों की बिजाई व सिंचाई की समस्या आ रही है। रबी फसलों को इस समय सिंचाई पानी की जरूरत है, लेकिन खेतों तक पानी पहुंचने का तय कार्यक्रम ही गड़बड़ा गया है।
पंजाब से राजस्थान के हिस्से का पूरा पानी नहीं मिलने के कारण इंदिरा गांधी नहर परियोजना का रेगुलेशन प्रभावित हुआ है। अनूपगढ़ शाखा सहित क्षेत्र के किसानों को निर्धारित समय से 48 घंटे देरी से सिचाई पानी मिलने की संभावना है। शनिवार शाम से पानी मिलने का इंतजार कर रहे किसान नहरों में आपूर्ति शुरू होने की राह देखते रहे।
हरिके पतन से राजस्थान के हिस्से का पानी प्रवाहित नहीं होने के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है। गेहूं, सरसों और चना जैसी रबी फसलों के लिए यह सिंचाई का अहम समय है। ऐसे में पानी की आपूर्ति में देरी से फसलों की बढ़वार और उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका किसानों को सता रही है।
अब 23 तक इंतजार
खेत बचाओ संघर्ष समिति के किसान नरेंद्र सिंह मान ने बताया कि 21 से 30 नवंबर तक अनूपगढ़ शाखा के किसानों को साढ़े आठ दिन पानी मिलना निर्धारित था। लेकिन पानी की कमी के चलते जल संसाधन विभाग ने रेगुलेशन 48 घंटे आगे बढ़ा दिया है।
अब किसानों को 23 नवंबर शाम छह बजे तक पानी मिलने की संभावना है। उनका कहना है कि रेगुलेशन में बदलाव की सूचना समय पर नहीं मिलने से किसानों को परेशानी हुई।
पंजाब से कम पानी आने का हवाला
जानकारी के मुताबिक समय पर पानी वितरण की मांग को लेकर जिला कलेक्टर और हनुमानगढ़ के चीफ इंजीनियर को भी अवगत कराया गया। किसानों के अनुसार, अधिकारियों ने पंजाब से कम पानी मिलने के कारण निर्धारित समय पर आपूर्ति कर पाने में असमर्थता जताई है। चीफ इंजीनियर अरुण सिडाना ने बताया कि पंजाब से पानी की आवक होने पर शेष पानी की भरपाई करना संभव हो सकेगा।
किसानों ने मांग की है कि राजस्थान के हिस्से का पूरा पानी सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार पंजाब सरकार से बात करे। उनका कहना है कि रेगुलेशन के अनुसार सिंचाई पानी नहीं मिलने से फसलों को नुकसान हो सकता है। इसलिए नहरों में निर्धारित समय पर पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।


