Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को मिली रफ्तार, 2027 से शुरू होगी नियमित उड़ाने

कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को मिली रफ्तार, 2027 से शुरू होगी नियमित उड़ाने

Kota Bundi Airport : कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का काम तेजी से हो रहा है। इस एयरपोर्ट पर देश के विभिन्न शहरों को जल्द ही उड़ान की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। एयरपोर्ट परिसर तक पानी की पाइप लाइन पहुंच चुकी है, जबकि बिजली कनेक्शन के लिए 25.84 करोड़ रुपए का एस्टीमेट तैयार कर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआइ) को सौप दिया गया है। दूसरी ओर, रन-वे की तीसरी लेयर बिछाने का काम भी जारी है। अधिकारियों का लक्ष्य अक्टूबर 2027 तक निर्माण कार्य पूरा करने और दिसंबर 2027 से नियमित हवाई सेवाएं शुरू करने का है।

करीब 1507 करोड़ रुपए की लागत से 440,646 हैक्टेयर भूमि पर एयरपोर्ट विकसित किया जा रहा है। यहां एयरसाइड और सिटीसाइड के काम एक साथ चल रहे हैं। निर्माण कार्य मई 2025 में शुरू हुआ था। अब तक करीब 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। रन-वे आकार लेने लगा है और चारदीवारी का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।

एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल बिल्डिग के साथ सीआइएसएफ भवन, फायर स्टेशन, तकनीकी ब्लॉक और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर का निर्माण किया जा रहा है। टर्मिनल बिल्डिग एक मंजिला होगी, जबकि एटीसी टावर बहुमंजिला बनाया जाएगा। इसमे विमानों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए अत्याधुनिक मशीनरी स्थापित की जाएगी और तकनीकी कर्मचारी तैनात रहेंगे। टर्मिनल भवन में यात्रियों के आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था होगी।

एयरपोर्ट तक पेयजल पहुंचाने के लिए सकतपुरा स्थित मिनी अकेलगढ़ से करीब 21 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इसका अधिकांश काम पूरा हो चुका है और पाइप लाइन एयरपोर्ट के नजदीक तक पहुंच गई है। अब एयरपोर्ट की चारदीवारी के भीतर पाइप लाइन को प्रवेश कराने का काम किया जा रहा है। इस परियोजना के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी और जलदाय विभाग के बीच 17.46 करोड़ रुपए का एमओयू हुआ था।

एयरपोर्ट परिसर को बिजली आपूर्ति से जोड़ने के लिए जयपुर विद्युत वितरण निगम ने 25.84 करोड़ रुपए का एस्टीमेट तैयार किया है। इसे एयरपोर्ट अथॉरिटी को सौप दिया गया है। योजना के तहत दो फीडर के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाएगी।

इसके अलावा परिसर में सोलर सिस्टम भी लगाया जाएगा। एयरपोर्ट तक उच्च क्षमता की विद्युत लाइन पहुंचाने और ग्रिड स्टेशन विकसित करने की तैयारी की जा रही है।

एयरपोर्ट का रन-वे 3200 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है। इसकी बेस लेयर की दो परतों का काम पूरा हो चुका है और तीसरी लेयर तैयार की जा रही है। रन-वे पर कई तकनीकी परतें बिछाई जाएंगी। इसके बाद इसे विमानों के संचालन के लिए तैयार किया जाएगा। यहां एयरबस ए-321 जैसे बड़े विमान भी उतर सकेंगे।

एयरसाइड के कार्यों पर करीब 467.67 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे है, जबकि सिटीसाइड के निर्माण के लिए 393 करोड़ रुपए का प्रावधान है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से यहां विमानों की मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (एमआरओ) सुविधा और फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल शुरू करने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही है।

इसके साथ ही इमिग्रेशन की व्यवस्था विकसित करने की योजना है। इससे हाड़ौती के विद्यार्थियों और विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को इमिग्रेशन संबंधी सुविधाओं के लिए जयपुर, दिल्ली या मुंबई नहीं जाना पड़ेगा।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट के लिए पेयजल पाइप लाइन बिछाने का काम अंतिम चरण में है। योजना का 80 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। अगले कुछ माह में पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।