Jind Road Construction : जींद शहर से बाईपास को जोड़ने वाली सड़क का दोबारा निर्माण होगा। जींद और जुलाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली तीन प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया पर काम शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए चार करोड़ 22 लाख 46 हजार रुपये के टेंडर लगा दिए हैं। चार दिसंबर को आनलाइन बिड खुलेगी। टेंडर लेने वाली एजेंसी वर्क अलाट होने के बाद चार माह में ये कार्य पूरा करना होगा।
इस परियोजना के तहत शहर के व्यस्त रहने वाले मार्ग, पैराडाइज होटल (सब्जी मंडी) व सोमनाथ मंदिर के सामने से हांसी ब्रांच नहर होते हुए नए बाईपास रोड तक की सड़क का सुदृढ़ीकरण होगा। सब्जी मंडी और मंदिर क्षेत्र होने के कारण इस मार्ग पर दिनभर भीड़ और वाहनों का दबाव रहता है। शहर से काफी संख्या में लोग यहां से कैथल व नरवाना की तरफ जाते हैं। वहीं सब्जी मंडी से भी बाईपास जाने का ये सीधा रास्ता है।
हांसी ब्रांच नहर से बाईपास तक सड़क कई जगह से टूटी हुई है। तीन किलोमीटर से ज्यादा लंबी इस सड़क का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। वहीं एचएसवीपी के जलघर के पास सेक्टर सात व आठ से हांसी ब्रांच नहर तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण होगा। करीब 900 मीटर लंबी इस सड़क को 23 फीट चौड़ा बनाया जाएगा। ये सड़क भी नहर के पास जाकर बाईपास की तरफ जाने वाली सड़क को जोड़ती है। विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिट्टा के प्रयासों से इन दोनों सड़कों का दोबारा निर्माण हो रहा है। वहीं तीसरी सड़क जुलाना विधानसभा क्षेत्र की है।
जींद विधानसभा क्षेत्र की दो सड़कें हैं शामिल
लोक निर्माण विभाग के जेई अंकित ने बताया कि विभाग की तरफ से जींद विधानसभा क्षेत्र की दो सड़कों के टेंडर लगाए गए हैं। तीसरी सड़क जुलाना विधानसभा क्षेत्र की है। जींद शहर के अंदर की दोनों सड़को का नए सिरे से निर्माण होगा। इनमें एक सड़क का चौड़ीकरण भी किया जाएगा।
सड़क की चौड़ाई बढ़ने से आवागमन होगा आसान
सेक्टर आठ रेजिडेंस वेलफेयर सोसायटी प्रधान सतबीर बांगड़ ने कहा कि सेक्टर सात आठ से नहर की तरफ जाने वाली बीएंडआर की सड़क काफी समय पहले बनी थी। यहां वाहनों का काफी आवागमन रहता है। जिसको देखते हुए सड़क की चौड़ाई कम है। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से आवागमन में आसानी होगी।
परियोजनाओं को चढ़ा रहे सिरे
विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल व अन्य विकास परियोजनाओं को सिरे चढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है, विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा किया जाए। सब्जी मंडी से सोमनाथ मंदिर के आगे से होते हुए बाईपास तक सड़क और सेक्टर सात-आठ से नहर तक सड़क बनने से लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं शहर के अंदर से बाईपास की कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।