Haryana Land Acquisition : हरियाणा में नए रोड व इंडस्ट्री लगाने के लिए सरकार द्वारा प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जमीन अधिग्रहण कर रही है, लेकिन इसी बीच में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एक फैसले ने किसानों का राहत दी है। सरकार की ओर से जमीन अधिग्रहित किए जाने के बाद मिलने वाले मुआवजे से दूसरी कृषि भूमि खरीदने वाले किसानों और जमीन मालिकों के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है।
हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति के तहत वैकल्पिक कृषि भूमि खरीदने पर दी गई स्टांप शुल्क और पंजीकरण शुल्क की छूट को सरकार पिछली तारीख से वापस नहीं ले सकती। अदालत ने इस संबंध में जारी 23 अक्टूबर 2019 और 19 अप्रैल 2021 के सरकारी पत्रों को रद कर दिया है।
जस्टिस कुलदीप तिवारी की अदालत ने 31 अक्टूबर 2026 को दिए फैसले में कहा कि सरकार को स्टांप शुल्क में दी गई छूट वापस लेने का अधिकार जरूर है, लेकिन इसके लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी। ऐसा कोई अधिकार नहीं है जिसके आधार पर पहले से दी गई छूट को पिछली तारीख से समाप्त कर दिया जाए और जमीन मालिकों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाल दिया जाए।
मामले में जमीन मालिकों की ओर से अदालत को बताया गया कि उनकी जमीन वर्ष 1894 के भूमि अधिग्रहण कानून के तहत अधिग्रहित की गई थी। इसके बाद उन्हें वर्ष 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून के तहत मुआवजा मिला। पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति के तहत मुआवजे की राशि से दूसरी कृषि भूमि खरीदने पर स्टांप शुल्क और पंजीकरण शुल्क में छूट का प्रविधान था।
कलेक्टर व कमिश्नर की ओर से पारित बाद के आदेश भी रद
हाई कोर्ट ने कहा कि स्टांप शुल्क की छूट का कानूनी आधार भारतीय स्टांप अधिनियम की धारा 9 (1) (ए) और पंजीकरण अधिनियम की धाराएं 78 और 79 हैं। भूमि अधिग्रहण कानून केवल यह तय करने का आधार है कि कौन से जमीन मालिक इस लाभ के पात्र हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक आदेशों के माध्यम से वैधानिक अधिसूचनाओं के तहत मिले अधिकारों को सीमित नहीं किया जा सकता।
स्टांप अधिनियम की धारा 9 सरकार को शुल्क में छूट देने का अधिकार देती है, लेकिन पहले दी गई छूट को पिछली तारीख से वापस लेने का अधिकार नहीं देती। अदालत ने दोनों सरकारी पत्रों को न्यायिक समीक्षा में टिकने योग्य नहीं मानते हुए रद कर दिया। साथ ही इन पत्रों के आधार पर स्टांप अधिनियम की धारा 47-ए के तहत जारी सभी नोटिस तथा कलेक्टर और कमिश्नर की ओर से पारित बाद के आदेश भी रद कर दिए।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।