Gold-Silver Price Today : सराफा बाजार में सोन चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट ने कारोबार का पूरा गणित बदल दिया है। साल की शुरुआत में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे दोनों कीमती धातुओं के भाव अब तेजी से नीचे आ रहे हैं। जनवरी में 1.83 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंचा सोना अब 1,26,450 रुपए पर आ गया है।
वहीं 3.84 लाख रुपए प्रति किलो के उच्चतम स्तर पर पहुंची चांदी 1,52,450 रुपए पर बिक रही है। महज 10 माह में सोने के भाव 56,550 रुपए और चांदी के भाव 2.31 लाख रुपए तक टूट चुके हैं। कीमतों में इस बड़ी गिरावट ने जहां खरीदारों के लिए खरीदारी का अवसर बनाया है, वहीं कारोबारी भी बाजार की अगली चाल को लेकर असमंजस में है।
बीते तीन-चार सप्ताह से दोनों धातुओं में गिरावट का दौर जारी है, लेकिन इस सप्ताह बाजार में सबसे ज्यादा हलचल रही। सोमवार को 1,38,800 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला सोना लगातार गिरावट के बाद शनिवार को 1,26,450 रुपए पर पहुंच गया। यानी एक सप्ताह में 12,350 रुपए की कमी आई। इसी तरह 1,75,100 रुपए प्रति किलो वाली चांदी 22,650 रुपए टूटकर 1,52,450 रुपए पर आ गई।
मंदी के संकेत
इस सप्ताह बाजार की शुरुआत ही गिरावट के साथ हुई। पिछले शनिवार को 1.39,800 रुपए पर बिकने वाला सोना सोमवार को एक हजार रुपए नीचे 1.38,800 रुपए पर खुला। चांदी भी 1,80,600 रुपए से 6 हजार रुपए टूटकर 1,74,600 रुपए पर पहुंच गई। इसके बाद पूरे सप्ताह दोनों धातुओं में गिरावट बनी रही।
वायदा बाजार भी दे रहा मंदी के संकेत
खुले सराफा बाजार की तुलना में एमसीएक्स वायदा बाजार में भाव नीचे बने हुए हैं। यहां सोना 1,21,950 रुपए और चांदी 1,48,900 रुपए के स्तर पर कारोबार कर रही है। वायदा और खुले बाजार के भावों में अंतर के बीच आने वाले दिनों में भी कीमतों में नरमी की संभावना जताई जा रही है।
खरीदें या और इंतजार करें, इसी उलझन में ग्राहक
सराफा कारोबारी जयदेव सोनी ने बताया कि दीपावली के बाद से लगातार गिरावट ने ग्राहकों और कारोबारियों दोनों को असमंजस में डाल दिया है। अमेरिका में ब्याज दरों में बदलाव डॉलर की मजबूती और गोल्ड बॉन्ड के रिटर्न की समयसीमा पूरी होने पर भुगतान जैसे कारण बाजार को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि, मौजूदा भातों पर सोना-चांदी खरीदना ग्राहकों और निवेशकों के लिए अच्छा अवसर साबित हो सकता है। मांगलिक कार्यों के चलते मांग भी बनी हुई है।


