Madhya Pradesh Roads : एमपी सरकार द्वारा सड़क नेटवर्क को मजबूत करने पर फोकस किया जा रहा है। मनासा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़कों के विस्तार और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्त्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने क्षेत्र में लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से चार डामरीकृत सड़कों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है।
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण अंचल के कई गांवों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। लंबे समय से पक्की सडक की आवश्यकता महसूस कर रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। स्वीकृत चारों सडकों का निर्माण ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से गांवों के बीच संपर्क मजबूत होगा। ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी। विशेष रूप से बारिश के दिनों में कच्चे रास्तों के कारण होने वाली दिक्कतों से भी ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
मनासा विधानसभा क्षेत्र में जिन चार सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है, उनमें पहली सड़क भाटखेड़ी से पोखरदा तक बनाई जाएगी, जिसकी लंबाई लगभग 4 किलोमीटर होगी। दूसरी सड़क कुंदवासा से कोरखेड़ी तक बनेगी, जिसकी लंबाई 1.3 किलोमीटर निर्धारित है। इसी तरह तीसरी सड़क गरासियाखेड़ी से दायमाखेड़ी तक लगभग 700 मीटर तथा चौथी सड़क गोगलियाखेड़ी से दायमाखेड़ी तक लगभग 1 किलोमीटर लंबी होगी।
इन चारों सड़कों के डामरीकरण पर लगभग 6 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित गांवों के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल कॉलेज आने-जाने तथा मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी।
सड़क से जोड़ना लक्ष्य
मनासा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने सड़कों की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार मुख्यमंत्री डॉ यादव के नेतृत्व में प्रदेश के साथ मनासा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल बड़ी परियोजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। चारों सड़कों के निर्माण से मनासा विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन का नेटवर्क मजबूत होगा।


