Madhya Pradesh Industrial Developmen : औद्योगिक विकास के नक्शे पर मंदसौर जिला बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है। गरोठ के कुरलासी में प्रस्तावित केमिकल पार्क और सेमलीकांकड़ में ऑटोमोबाइल कंपनी के संभावित निवेश से जिले में रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा होंगे। कुरलासी में करीब 3600 एकड़ जमीन पर दो हजार करोड़ रुपए की लागत से केमिकल पार्क विकसित करने की तैयारी है।
इसमें 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक का औद्योगिक निवेश प्रस्तावित है, जिससे करीब एक लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का दावा है। वहीं, सेमलीकांकड़ औद्योगिक क्षेत्र में एलोफिक ऑटोमोबाइल कंपनी 400 से 500 करोड़ रुपए के निवेश में रुचि दिखा चुकी है। इससे एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल सकता है।
देश की रसायन जरूरतों को मिलेगी मजबूती
18 नवंबर को जिले के गांधीसागर में हुई डेस्टिनेशन कैबिनेट में गरोठ के कुरलासी क्षेत्र में केमिकल पार्क को मंजूरी मिलने के बाद मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम ने इसकी प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग ने प्राथमिक डीपीआर तैयार कर ली है। अधिकारियों के अनुसार, यह देश का पहला ऐसा पार्क होगा, जहां विभिन्न श्रेणियों के रसायनों का उत्पादन किया जाएगा। इसमें दवाइयों, घरेलू उपयोग, ऑटोमोबाइल सहित अलग-अलग उद्योगों में काम आने वाले रसायन तैयार होंगे। इससे रसायनों के लिए दूसरे देशों पर भारत की निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।


