Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

900 करोड़ से चमकेंगे राजस्थान के 16 शहर, बूंदी और सवाई माधोपुर पर 120 करोड़ होंगे खर्च

900 करोड़ से चमकेंगे राजस्थान के 16 शहर, बूंदी और सवाई माधोपुर पर 120 करोड़ होंगे खर्च

Rajasthan Clean and Green Eco City : राजस्थान के 16 शहरों को चकाचक बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा योजना बनाई है। राज्य सरकार ने क्लीन एंड ग्रीन इको-सिटी योजना के तहत 900 करोड़ रुपए का विशेष बजट निर्धारित किया है। अगले तीन वर्ष में इस राशि से प्रदेश के 16 शहरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और सौंदर्याकरण किया जाएगा।

कोटा स्मार्ट सिटी एसपीवी (स्पेशल पर्पज व्हीकल) को दो प्रमुख पर्यटन शहरों बूंदी और सवाई माधोपुर को स्मार्ट ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों शहरों पर 120 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कोटा स्मार्ट सिटी ने दोनों शहरों की जरूरतों और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए 60-60 करोड़ रुपए के विकास प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजे थे। इन प्रस्तावों पर राज्य सरकार ने स्वीकृति दे दी है। अब सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद पिडिकोर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। इसके बाद विकास कार्यों की प्रक्रिया शुरू होगी।

राजस्थान के इन 16 शहरों में भी होंगे विकास कार्य

क्लीन एंड ग्रीन इको-सिटी योजना में बूंदी और सवाई माधोपुर के अलावा नाथद्वारा, खाटूश्यामजी, माउंट आबू, भीलवाड़ा, बालोतरा, भरतपुर, बीकानेर, अलवर, जोधपुर, जैसलमेर, मंडावा, किशनगढ़, भिवाड़ी और पुष्कर शामिल हैं। इन शहरों में स्मार्ट सड़कें, आधुनिक फुटपाथ, पार्किंग, हरित लैंडस्केपिंग और ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

स्थानीय जरूरतों के आधार पर तैयार किए प्रस्ताव

कोटा स्मार्ट सिटी के सीईओ ओमप्रकाश मेहरा ने कहा कि बूंदी और सवाई माधोपुर का दौरा कर स्थानीय लोगों से चर्चा की गई। इसके बाद दोनों शहरों की अलग-अलग आवश्यकताओं के अनुरूप विकास प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजे गए थे। राज्य सरकार से इनकी मंजूरी मिल गई है। अब पिडिकोर के माध्यम से इसकी डीपीआर तैयार करवाई जा रही है।

छोटी काशी में तारों के जाल से मिलेगी मुक्ति, पर्यटन सुविधाओं पर जोर

बूंदी को 60 करोड़ रुपए से नया स्वरूप देने की योजना है। यहां पुराने शहर की सबसे बड़ी समस्या बिजली के बिखरे तारों के जाल को व्यवस्थित कर शहर को इससे निजात दिलाने पर काम होगा। इसके अलावा बरसाती पानी की निकासी के लिए आधुनिक ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की जाएगी। जरूरत के मुताबिक सीसी सड़कों का निर्माण और मरम्मत होगी। ऐतिहासिक स्थलों के आसपास पर्यटक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा।

सवाई माधोपुर में रणथम्भौर के आसपास विकसित होगा ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर

सवाई माधोपुर में भी 60 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य प्रस्तावित हैं। यहां रणथंभौर टाइगर रिजर्व और दूसरे पर्यटन स्थलों के आसपास सड़क एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ जल प्रबंधन में सुधार किया जाएगा। शहर में पार्कों का विकास और हरित क्षेत्र का विस्तार भी योजना का हिस्सा है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।