सिंहस्थ पथ: MP के मंदसौर जिले में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत भगवान पशुपतिनाथ मंदिर से नालछा माता मंदिर होते हुए मंदसौर बायपास तक 3.80 किमी लंबे सिंहस्थ पथ का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। 31.50 करोड़ रुपए से बन रहे इस मार्ग पर वर्तमान में मिट्टी भराव, लेवलिंग, चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। कई हिस्सों में मिट्टी की मोटी परत बिछाकर सड़क को समतल बनाया जा रहा है।
इस मार्ग के तैयार होने के बाद श्रद्धालुओं को दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी, साथ ही शहर के आंतरिक यातायात को भी एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिहाज से यह प्रोजेक्ट बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। पीडब्ल्यूडी अधिकारी नितेश सूल्या ने बताया कि निर्माण कार्य जारी है और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होते ही इसे आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।
सिंहस्थ-2028 के दौरान वाहन चालकों का सफल बनाएगी आसान
सिंहस्थ-2028 के दौरान भी यह मार्ग वाहन चालकों का सफर आसान बनाएगा । लंबे समय से लोग इस सड़क के निर्माण का इंतजार कर रहे थे। मार्ग की स्थिति बेहतर होने से मंदिरों तक पहुंचना आसान होगा और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलेगी। निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को अब इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद है। सिंहस्थ की तैयारियों के लिहाज से भी इस मार्ग का निर्माण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। धार्मिक स्थलों और बायपास के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।


