Haryana Road Development : हरियाणा में सड़कों का कायाकल्प किया जा रहा है। जहां पर एक शहर को दूसरे शहर को जोड़ने वाली सड़कों का दोबारा से निर्माण किया जा रहा है, ताकि वाहनों की आवाजाही हो सके। कैथल से चीका को जाने वाली सड़क को चकाचक किया जाएगा। हालांकि यह सड़क फोरलेन बननी है, लेकिन तब तक वाहन चालकों को राहत देने के लिए इस सड़क का निर्माण किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग को परशुराम चौक से चीका मार्बल मंडी तक 31 किलोमीटर लंबे मार्ग के वन टाइम ट्रीटमेंट की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। करीब 18 करोड़ 94 लाख 28 हजार रुपए की लागत से सड़क पर 40 एमएम बीसी (बिटुमिनस कंक्रीट) की नई परत बिछाई जाएगी। इस काम से कैथल और चीका के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
यह सड़क फोरलेन का विकल्प नहीं होगी, बल्कि फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने तक मौजूदा मार्ग को बेहतर स्थिति में रखने के लिए तैयार की जाएगी। इस कार्य में सड़क सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। सड़क पर 6400 रिफ्लेक्टिव रोड स्टड लगाए जाएंगे, जो रात के समय वाहनों की लाइट पड़ने पर चमकेंगे और वाहन चालकों को सड़क की दिशा का पता लगाने में मदद करेंगे।
इसके अलावा थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग की जाएगी। सड़क पर 30 हैजर्ड मार्कर, 4 एडवांस डायरेक्शन बोर्ड, 15 चेतावनी बोर्ड और 10 अनिवार्य दिशा-निर्देश बोर्ड लगाए जाएंगे। मार्ग पर 30 किलोमीटर स्टोन भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे वाहन चालकों को दूरी की जानकारी मिल सकेगी।
22 करोड़ के कार्य का टेंडर लगा
कैथल पीडब्ल्यूडी एक्सईएन वरुण कंसल ने बताया कि कैथल-चीका मार्ग पर वन टाइम ट्रीटमेंट के आधार पर सड़क बनाने की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। विभाग ने करीब 22 करोड़ रुपए के कार्य का टेंडर लगा दिया। टेंडर 15 दिन बाद खुलेगा। संबंधित फर्म को वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद करीब 20 दिन में काम पूरा करने का लक्ष्य है। सड़क पर 40 एमएम बीसी की परत बिछाई जाएगी, ताकि फोरलेन निर्माण शुरू होने तक लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।


